RAJU CHAUHAN
धनबाद: पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने आज मुख्यालय, हाजीपुर में एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में सभी विभागाध्यक्षों के साथ-साथ पांचों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य रेलवे की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाना था, जिसमें सुरक्षा, संरक्षा और ट्रेनों के समय पालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा हुई। महाप्रबंधक ने मानसून के मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानियों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, एसेट मेंटेनेंस, कॉशन ऑर्डर और स्पीड रिस्ट्रिक्शन जैसे तकनीकी पहलुओं पर भी विस्तार से बात की गई। महाप्रबंधक श्री सिंह ने पूर्व मध्य रेल के तहत चल रहे विभिन्न स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों और अन्य निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और इनमें तेजी लाने पर विशेष जोर दिया, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मंडल रेल प्रबंधकों द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी बैठक में चर्चा की गई। महाप्रबंधक ने सभी अधिकारियों को यात्री सुविधा, सुरक्षा और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।