Eksandeshlive Desk
पश्चिमी सिंहभूम : पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के पूर्व सांसद और जिला कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष विजय सिंह सोय की शहादत दिवस गुरुवार को कांग्रेस भवन में मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया और दो मिनट का मौन रखा। मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने कहा कि विजय सिंह सोय का योगदान कांग्रेस संगठन के लिए अमूल्य था और उनके दिखाए रास्ते पर चलकर पार्टी को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोय एक संगठन के व्यक्ति थे और उन्होंने कांग्रेस को मजबूत आधार दिया। उनकी शहादत और योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस अवसर पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, महासचिव अशोक बारिक, लियोनार्ड बोदरा, रविंद्र सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने विजय सिंह सोय के आदर्शों को अपनाने और संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया। कांग्रेस नेताओं ने विजय सिंह सोय के समाज और संगठन में किए गए कार्यों को याद किया और कहा कि उनकी विचारधारा से प्रेरणा लेकर कांग्रेस आगे बढ़ेगी।
आजसू ने दी डॉ एसपी सिंह को श्रद्धांजलि
रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में गुरुवार को अखिल झारखंड बुद्धिजीवी मंच के कार्यकारी अध्यक्ष रह चुके पूर्व कुलपति डॉ एसपी सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो ने डॉ सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित किया और कहा कि बुद्धिजीवी मंच के पदाधिकारी के रूप में डॉ एसपी सिंह का लंबे समय तक पार्टी से जुड़े रहे। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। हिमालयन यूनिवर्सिटी, ईटानगर और वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के कुलपति के साथ उन्होंने सीआईटी, टाटीसिलवे के निदेशक और जेएन कॉलेज के प्राचार्य के रूप में अपनी सेवाएं दी। पार्टी के बुद्धिजीवी मंच के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में उन्होंने उल्लेखनीय योगदान किया। उनकी ख्याति देश–विदेश में थी।श्रद्धांजलि समारोह सभा में पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, प्रवीण प्रभाकर, राजेंद्र शाही मुंडा, सोहेल शाह, बनमाली मंडल, कौशिक चांद , डॉ मुकुंद मेहता सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।