प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश

360° Ek Sandesh Live Politics

by sunil verma

विधानसभा चुनाव की कार्य योजना पर बनी रणनीति: गुंजन सिंह

रांची : प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष गुंजन सिंह की अध्यक्षता में कांग्रेस भवन में गुरुवार को प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक हुई। बैठक में मुख्य रूप से लोकसभा चुनाव-2024 के चुनाव परिणाम की समीक्षा की गई और आगामी विधानसभा चुनाव की कार्य योजना पर रणनीति बनाई गई। साथ ही संगठन की मजबूती पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। बैठक में गुंजन सिंह ने प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव परिणाम हमारे अपेक्षा अनुरूप नहीं रहा। और बेहतर करने की जरूरत थी। अब विधानसभा चुनाव बहुत ही करीब आ गया है। आप लोगों को संगठन की जो भी जिम्मेदारी दी गई है उसे पूरा करने के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ अपने-अपने जिले और क्षेत्र में जुट जाएं। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने दिल्ली में संपन्न बैठक में मिली एक्शन प्लान की जानकारी देते हुए कहा कि आगामी अगस्त माह में राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक होगी। इसमें महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा, झारखंड प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर शामिल होंगे। प्रखंड महिला कांग्रेस अध्यक्षों का तीन दिनों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित की जाएगी। गुंजन ने कहा कि सभी जिलों में नारी न्याय सम्मेलन एवं जिला स्तर से लेकर बूथ तक पदयात्रा होगी। पार्टी मैनिफेस्टो को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही महिलाओं की स्वास्थ्य के लिए हेल्थ कैम्प लगाया जायेगा। इसके अलावा पेपर लीक मामले और महिला आरक्षण पर सांसद घेराव कार्यक्रम होगा। बढ़ती महंगाई, टोलटैक्स, भारतीय रुपये में गिरावट, मुहल्ला पदयात्रा एवं मेरा बूथ मेरी जिम्मेवारी पर विशेष रूप से महिला कांग्रेस कार्यक्रम चलायेगा। बैठक में प्रदेश महासचिव पिंकी सिंह, संगीता टोप्पो, प्रीति सहाय, पुनीता चौधरी, सुन्दरी तिर्की, अनीता सिन्हा, शांति बाला केरकेटा, वर्षा, अमृता भगत, सीता राणा, अजन्ता सामद, दिव्या मिंज, ग्रेसी मिंज, नीतू देवी, हेमन्ती जायसवाल, रूबी खातून, नमिता बा, मनिषा तिर्की, प्रभा तिग्गा सहित अन्य मौजूद रहीं।