प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडुलाइड्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोमवार को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ प्रदान किया। यह सम्मान उन्हें दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक मैत्री और सहयोग के प्रतीक के रूप में दिया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक्स पर फोटो साझा करते हुए इसे भारत-साइप्रस मैत्री और साझी वैश्विक दृष्टि का सम्मान बताया। यह सम्मान दोनों देशों के बीच स्थायी और विश्वसनीय संबंधों का प्रमाण है।

सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इसे 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित किया। उन्होंने साइप्रस के राष्ट्रपति, सरकार और जनता के प्रति आभार जताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सम्मान भारत की प्राचीन सोच ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ को मिली वैश्विक मान्यता है, जो शांति और समृद्धि की दिशा में हमारे प्रयासों को प्रेरित करती है। प्रधानमंत्री ने इसे भारत-साइप्रस संबंधों को और मजबूत व बहुआयामी बनाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार दोनों देशों की शांति, संप्रभुता और विकास के प्रति साझा निष्ठा को दर्शाता है।

Spread the love