Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान से शुक्रवार को फोन पर बात की और उन्हें देश में हुए संसदीय चुनावों में जीत पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने एक्स पोस्ट में इसकी जानकारी साझा की और बताया कि उन्होंने बांग्लादेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के बीएनपी अध्यक्ष के प्रयासों को अपनी शुभकामनाएं और समर्थन दिया। साथ ही गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों वाले दो निकट पड़ोसी देशों के रूप में दोनों देशों की जनता की शांति, प्रगति और समृद्धि के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर जीत के लिए बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान को बधाई दी थी। उन्होंने कहा था कि वे बांग्लादेश में हुए संसदीय चुनाव में बीएनपी को निर्णायक जीत दिलाने के लिए तारिक रहमान को हार्दिक बधाई देते हैं। यह परिणाम बांग्लादेश की जनता के नेतृत्व पर विश्वास का प्रतिबिंब है। भारत लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के लिए अपना समर्थन जारी रखेगा। उल्लेखनीय है कि बीएनपी नेता तारिक रहमान पूर्व राष्ट्रपति जिया उर्रहमान और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे हैं। करीब 17 साल के निर्वासन के बाद तारिक पत्नी जुबैदा रहमान और बेटी जाइमा लंदन से पिछले साल 25 दिसंबर को बांग्लादेश लौटे थे।
