आशुतोष झा
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 मार्च को पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया के हवाई अड्डा मैदान में दोपहर एक बजे एक आमसभा को संबोधित करेंगे। बिहार प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख सूत्रों ने उस खबर की पुष्टि की है।भारत सरकार के आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए बताया है कि भारत नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए पीएम बेतिया में कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएँ कर सकतें हैं।रक्सौल में अन्तरराष्ट्रीय विमान स्थल के औपचारिक निर्माण पर भी इस कार्यक्रम के दौरान ठोस कार्यरूप प्रस्तुत किया जा सकता है। भारतीय जनता पार्टी के बेतिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय जायसवाल, बेतिया के भाजपा विधायक तथा बिहार को पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी पीएम की चंपारण यात्रा को सफल बनाने के लिए दिन रात एक किए हैं। पश्चिम चंपारण व पूर्वी चंपारण जिले की भाजपा की विभिन्न कमेटियाँ इस बाबत गठित की गयी हैं। भारतीय जनता पार्टी की सुगौली प्रखंड इकाई के प्रमुख नेता श्याम शर्मा के अनुसार पूर्वी चंपारण जिले से प्रधानमंत्री की प्रस्तावित 6 मार्च की बेतिया आमसभा में करीब एक लाख लोग शामिल होंगे। बताया गया है कि बेतिया में प्रधानमंत्री 7 हजार करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे। इसके पूर्व तीन बार पीएम की चंपारण यात्रा की तिथि घोषित हुई थी जो अपरिहार्य कारणों से स्थगित हो गयी थी। प्रधानमंत्री की बेतिया आमसभा में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार भाजपा के अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे।