परीक्षा परिणाम में विलंब पर भड़का वाईजेकेएसएफ, विश्वविद्यालय में की तालाबंदी

Education

Eksandeshlive Desk

पलामू : वाईजेकेएसएफ स्टूडेंट्स फेडरेशन ने नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणाम में विलंब को लेकर तालाबंदी की और प्रशासन के रवैए का गुरुवार को कड़ा विरोध जताया। इसके बाद विश्वविद्यालय के पदाधिकारी डीएसडब्ल्यू एसके पांंडेय और परीक्षा नियंत्रक अजीत कुमार विद्यार्थियों से मिले और बताया कि परीक्षा परिणाम में अभी और विलंब होगा। उन्‍होंने कहा कि बीच में त्योहारों में लंबी छुट्टी के कारण इसमें विलंब हो रहा है, जिससे छात्रों को परेशानी हो रही है। हम अपनी तरफ से पूर्ण कोशिश करेंगे कि जल्द से जल्द परीक्षा परिणाम की घोषणा कर दी जाए।

स्नातकोत्तर 2022-24 का परीक्षा परिणाम अभी तक पेंडिंग : उल्‍लेखनीय है कि स्नातकोत्तर 2022-24 का परीक्षा परिणाम अभी तक नहीं निकाला गया है, जिससे विद्यार्थियों में काफी रोष है। वहीं विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय पर लापरवाही का आरोप लगाया। वाईजेकेएसएफ के छात्र नेता श्रवण सिंह ने बताया कि सत्र 22-24 स्नातकोत्तर के परीक्षा परिणाम में काफी विलंब हो रहा है, जिससे छात्र- छात्राएं काफी परेशान हैं और बार बार विश्वविद्यालय के चक्कर काटने को विविश हैं। जिला अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण छात्र आगे की पढ़ाई से वंचित हो रहे हैं, क्योंकि समय पर परीक्षा परिणाम नहीं निकाला जा रहा है। जिला सचिव मोहित साहू ने कहा कि विद्यार्थी मुख्यतः बीएड में नामांकन को लेकर चिंतित हैं क्योंकि विश्वविद्यालय के रवैए के कारण वे विद्यार्थी बीएड में नामांकन नहीं ले पा रहे हैं। उपाध्यक्ष कृष्णा यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय अपने काम करने के तरीके में सुधार नहीं कर रही है, इसकी वजह से यहां के विद्यार्थियों को इसका बुरा परिणाम करना पड़ रहा है। छात्रों ने कहा कि उनके बीएड की काउंसलिंग अपनी अंतिम चरण में है और वह विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण नामांकन लेने में वंचित हो रहे हैं। मौके पर नवीन, रंजीत, आयुष, ओमप्रकाश, अनिकेत सहित कई विद्यार्थी मौजूद थे।

Spread the love