प्रखंड में घुड़दौड़ पंचायत से आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की हुई शुरुआत

360° Ek Sandesh Live

अजय राज
प्रतापपुर (चतरा): प्रखंड प्रशासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी अभियान “आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के पहले दिन शुक्रवार को घुड़दौड़ पंचायत भवन परिसर में भव्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार पांडेय, अंचलाधिकारी विकास कुमार टुडू तथा पंचायत की मुखिया ललिता देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों की विशेष टीम मौजूद रही। ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण कार्य मौके पर ही संपादित किए गए। बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुँचे और जाति, आय, निवास प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड सुधार, वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, किसान योजना,मईया सम्मान योजना, मजदूर पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ, मनरेगा, उज्ज्वला योजना, आवास योजना, जेएसएलपीएस,कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एक्मे द्वारा स्किल डेवलपमेंट विभाग, सर्वजन पेंशन सहित बैंक ऑफ इंडिया का स्टॉल लगाया गया था जहां लोगों के द्वारा आवेदन जमा किए। शिविर में कुल 548 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई का तत्काल निपटारा स्थल पर ही कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी उत्कृष्ट सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं। आयुष्मान कार्ड निर्माण, सामान्य स्वास्थ्य जांच, मधुमेह एवं ब्लड प्रेशर जांच जैसी सुविधाओं का लोगों ने उत्साहपूर्वक लाभ उठाया।इसी दौरान अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम भी शिविर स्थल पहुँचे। उन्होंने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को जरूरी सेवाएँ उनके गाँव में ही उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें प्रखंड कार्यालय के चक्कर न लगाना पड़ें। वहीं ग्रामीणों ने भी इस पहल की जमकर सराहना की और कहा कि एक ही स्थान पर कई सेवाएँ मिलने से उन्हें बड़ी सुविधा और राहत मिली है।दिनभर चले इस शिविर में सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे और बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया। इस कार्यक्रम के दौरान कई लाभुकों को ऑन स्पॉट निबंधन और लाखों रुपए का परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।इस मौके पर उपस्थित जिला नोडल पदाधिकारी जहूर आलम ने बताया कि यह सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिससे लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल रहा है एवं सरकार के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ते हुए लाभ देने का कार्य कर रही है।वही मुखिया पति मिश्री भारती ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से सैंकड़ों मजदूरों का मनरेगा जॉब कार्ड और बुजुर्गों के लिए सर्वजन पेंशन का लाभ दिया गया है।मौके पर, मुखिया प्रतिनिधि उमेश भारती, समाजसेवी उपेंद्र दांगी, एमो अजीत गोप, आशीष भोक्ता सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Spread the love