प्रखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों ने बीडीओ का किया पुतला दहन

Ek Sandesh Live Politics
  • युवा नेता मोती पासवान के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने निकाला विरोध मार्च, बीडीओ पर लगाए गंभीर आरोप

अजय राज
प्रतापपुर(चतरा):
प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को पूर्व कांग्रेस युवा जिला अध्यक्ष मोती लाल पासवान के अगुआई में प्रखंड के सैकड़ों ग्रामीण एवं मनरेगा लाभुक एवं मजदूरों के द्वारा प्रतापपुर बीडीओ सहित अन्य मनरेगा कर्मियों पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध मार्च निकाला गया तथा प्रतापपुर मुख्य चौक पर बीडीओ अभिषेक कुमार पांडेय का पुतला दहन किया गया। ग्रामीण हाथों में भ्रष्टाचार के विरोध में लिखे गए स्लोगन “मनरेगा में कमीशन बंद करो”, “पेंशन में घूस लेना बंद करो”, “बीडीओ–बीपीओ होश में आयो”, “मनरेगा मजदूर की मजदूरी भुगतान करो” आदि स्लोगन की तख्तियां लिए तथा नारा लगाते हुए मार्च निकाला। यह मार्च विधायक मोहल्ला प्रतापपुर से शुरू होकर प्रखंड कार्यालय मुख्य द्वार पर सभा के रूप में परिवर्तित हो गया तथा उसके बाद विरोध मार्च प्रखंड कार्यालय गेट से पुनः शुरू होकर नारा लगाते हुए प्रतापपुर मुख्य चौक पर पहुंचा तथा बीडीओ का पुतलादाहन किया गया। मार्च के दौरान युवा नेता मोतीलाल पासवान ने बीडीओ पर सार्वजनिक रूप से बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि प्रखंड कार्यालय में भ्रष्टाचार चरम पर है। मनरेगा योजना में पदाधिकारी से लेकर कर्मचारी ऑपरेटर तक उगाही कर रहे हैं। योजना के प्रशासनिक करने से लेकर प्रत्येक डिमांड में कमीशन लिया जा रहा है वहीं जांच के नाम पर पैसे की उगाही की जाती है। कमीशन नहीं मिलने पर डिमांड जीरो कर दिया जा रहा है और मजदूरों के पेट पर लात मारा जा रहा है। यहीं नहीं गरीबों के पेंशन पर भी आफत है बिना चढ़ावा दिए पेंशन सैंक्शन नहीं होता है। सैकड़ों पेंशन के कागजात स्वीकृति हेतु कई महीनों से कार्यालय में धूल फांक रहे हैं और गरीब अबुआ सरकार की ओर टकटकी लगाए देख रही है। उन्होंने आगे कहा कि प्रखंड में इस तरह की अफसरशाही नहीं चलेगी। यह विरोध प्रदर्शन तथा पुतला दहन सिर्फ एक चेतावनी है अगर इसके बाद भी प्रखंड में भ्रष्टाचार का सिलसिला नहीं थमा और पदाधिकारियों ने स्थिति नहीं बदली तो आगे इससे भी जोरदार प्रदर्शन और पुतला दहन का कार्यक्रम जिला मुख्यालय से लेकर राज्य के राजधानी रांची में आयोजित किया जाएगा। हालांकि पूरे मामले को लेकर जब बीडीओ अभिषेक कुमार पांडेय से बात करने की कोशिश की गई तो हर बार की तरह हीं उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा।

Spread the love