Eksandeshlive Desk
पश्चिमी सिंहभूम : पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के सुदूरवर्ती गुदड़ी प्रखंड के गुलीकेड़ा रैयदा गांव में अंधविश्वास के नाम पर एक बार फिर इंसानियत शर्मसार हो गई। गांव की एक 70 वर्षीय महिला को डायन बताकर पत्थर से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की यह वारदात शुक्रवार शाम करीब चार से पांच बजे के बीच की है, जब वृद्धा अपने धान के खेत से घर लौट रही थीं। आरोपी गोमियां होरो ने टुकनी लोमगा नाम की महिला पर अचानक हमला कर दिया। इस दौरान उनकी बेटी पुतली लोमगा भी उनके साथ मौके पर मौजूद थी, जो किसी तरह छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रही, लेकिन हमले के बाद से वह लापता बताई जा रही है। उसकी खोजबीन में पुलिस और ग्रामीण जुटे हुए हैं।
गांव में लंबे समय से अंधविश्वास और डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं का भय : हत्या के बाद शनिवार को आरोपी गोमियां होरो ने खुद गुदड़ी थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गांव पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है। गुदड़ी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस मृतका की लापता बेटी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि गांव में लंबे समय से अंधविश्वास और डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं का भय फैला हुआ है।
