पुण्यतिथि पर याद किए गए जयपाल सिंह मुंडा

360° Ek Sandesh Live

Mustfa Ansari

रांची : कांके प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चुटू के रिंग रोड स्थित जोहार ढाबा परिसर में गुरूवार को स्व जयपाल सिंह मुंडा की 55वीं पुण्य तिथि मनाई गई। इस अवसर पर झारखंड पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बच्चन उरांव ने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा झारखंड के नायक थे। उन्होंने कहा जल,जंगल,जमीन व खनिज पर आदिवासियों का मालिकाना अधिकार सुरक्षित रखने के लिए मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा के रास्ते पर बढ़ना होगा। साथ ही झारखंड राज्य के उत्थान के लिए सभी को अपनी भागीदारी निभानी होगी। श्री उरांव ने कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। युवा समाजसेवी प्रतुल मुंडा ने कहा कि भारतीय संविधान में आदिवासियों का अधिकार सुनिश्चित करने को लेकर संविधान सभा में मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा ने मजबूती से अपनी बातों को रखा। वहीं वरिष्ठ समाजसेवी जगत मुंडा ने कहा कि मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा देश के नेता थे,न कि मुंडा समुदाय मात्रा के,उन्होंने देशज व लोकतंत्र की नींव रखी व अलग झारखंड राज्य के आंदोलन को जन्म दिया। इससे पूर्व स्व जयपाल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। इस मौके पर हाजी अनीस अंसारी,भगवान दास उरांव,सुमित मुंडा,राजू साहू,रविन्द्र कुमार,शनीचरीया देवी आदि दर्जनों लोग उपस्थित थे।

Spread the love