Eksandeshlive Desk
तीनपहाड़/साहिबगंज : जिले की पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए अंतर-थाना गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने चोरी किए गए 86,500 रुपए नकद, वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बीती 9 मार्च 2026 की रात तीनपहाड़ थाना क्षेत्र स्थित ‘डिलीवरी लिमिटेड कंपनी’ के कार्यालय और ‘बजाज बाइक शोरूम’ में चोरों ने धावा बोला था। इस संबंध में तीनपहाड़ थाने में कांड संख्या 13/26 और 14/26 दर्ज कर छानबीन शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए साहिबगंज पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पकड़े गए अपराधी और बरामदगी : पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अपराधियों में रहिमुल शेख निवासी: जोंका, तीनपहाड़, चुन्नु शेख निवासी: जोंका, तीनपहाड़, सद्दाम शेख निवासी: बेगमपुरा, राजमहल शामिल हैं। रहीमुल शेख के पास से 13,500 रुपए नकद और घटना के समय पहना गया नीला शर्ट बरामद किया गया। सद्दाम शेख के पास से 73,000 रुपए नकद, वारदात में प्रयुक्त औजार (सलाई रिंच, दो पेचकस, हेक्सा ब्लेड, 2.5 फीट का लोहे का सब्बल) तथा एक मोटोरोला और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया गया। राजमहल सर्किल इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने तीनपहाड़ के अलावा बरहरवा और राजमहल थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनके पास से उन मामलों से संबंधित नकद राशि भी बरामद की गई है। इस सफल अभियान में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडेय, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और शेष सामानों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
