SUNIL
साहेबगंज/बरहरवा: बरहरवा नगर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सतर्क नजर आ रही है। बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने बीती देर रात बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस औचक निरीक्षण का उद्देश्य रात्रि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करना था।
निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ ने नगर क्षेत्र के ज्वेलरी शॉप, कपड़ा दुकान, इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठान सहित छोटे-बड़े व्यवसायिक संस्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों से प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, उनकी कार्यशील स्थिति, पर्याप्त लाइटिंग व्यवस्था, अलार्म सिस्टम तथा रात्रिकालीन सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य है और उसे नियमित रूप से चालू रखा जाए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे न केवल अपराधियों पर नजर रखने में सहायक होते हैं, बल्कि किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण एवं नागरिकों की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें व्यापारियों और आम लोगों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। दुकानदारों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्वों की हलचल या अपरिचित व्यक्ति की जानकारी मिले, तो तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस को सूचित करें। देर रात तक चले इस निरीक्षण अभियान से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित गश्ती एवं निरीक्षण से अपराधियों में भय का माहौल बनता है और व्यापारिक गतिविधियां सुरक्षित रूप से संचालित हो पाती हैं।पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे सतत निगरानी एवं निरीक्षण प्रयासों से नगर क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने में निश्चित रूप से मदद मिलेगी। बरहरवा पुलिस की यह सक्रियता आने वाले दिनों में नगर की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी।
