राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, कहा-असली जंगलराज तो दिल्ली में है

NATIONAL

बिहार चुनाव : कांग्रेस नेता ने अररिया और पूर्णिया में एक-एक जनसभा को किया संबोधित

Eksandeshlive Desk

अररिया : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को यहां आजाद एकेडमी के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया और बिहार सरकार के साथ केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि बिहार सरकार को ब्यूरोक्रेट्स के साथ केंद्र की भाजपा सरकार चला रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर बिहार में उद्योग स्थापित करने के लिए जमीन नहीं होने की बात सरकार करती है, दूसरी ओर अडानी को सौ एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का काम करती है। सरकार के कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री तथा गृह मंत्री पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने जंगलराज के मामले में कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नीतीश कुमार जंगलराज की बात करते हैं। जंगलराज तो दिल्ली में है। ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का राज, नफरत का राज, गरीबों और किसानों से उनका हक छीनने का राज, मजदूरों को कुचलने वाला राज, नोटबंदी वाला राज, गलत जीएसटी वाला राज, बेरोजगारी वाला राज, ये सब हैं असली जंगलराज, जिसे भाजपा सरकार चलाती हैं। राहुल गांधी ने इससे पहले पूर्णिया में भी चुनावी सभा को संबोधित किया।

महागठबंधन की सरकार में सबकी आवाज सुनी जाएगी : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि जब बिहार में महागठबंधन की सरकार आयेगी तो सरकार में सबकी आवाज सुनी जाएगी।सबके हित की बात होगी। रोजगार दिलाने के साथ ही उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, सरकारी कॉलेज और यूनिवर्सिटी के साथ हाई क्वालिटी वाला इंग्लिश मीडियम वाली सरकारी स्कूल खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के लिए पैसे खर्च नहीं करना पड़े, ऐसी सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि जिस दिन देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बन जाएगी, गारंटी है दुनिया की सबसे बेहतरीन यूनिवर्सिटी नालंदा यूनिवर्सिटी की तर्ज पर बिहार में यूनिवर्सिटी खोले जाएंगे, जहां न केवल देश के बल्कि दूसरे देशों चीन, जापान, वियतनाम, फ्रांस, अमेरिका से शिक्षा ग्रहण करने बिहार आएंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में नालंदा यूनिवर्सिटी का इतिहास पौराणिक और ऐतिहासिक रहा है। उस समय नालंदा यूनिवर्सिटी में चीन, जापान, वियतनाम, कोरिया, जर्मनी, फ्रांस जैसे देशों से लोग पढ़ने बिहार आते थे, और आज भी इन देशों से लोग बिहार आते हैं,लेकिन केवल टूरिस्ट बनकर।

हरियाणा में वोट चोरी कर सरकार बनाने का खुलासा हमने किया : लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नफरत के बाजार में हमने मोहब्बत की दुकान खोली है। देश नफरत का नहीं, बल्कि भाईचारे और मोहब्बत का देश है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में वोट चोरी कर सरकार बनाई गई है और हरियाणा में वोट चोरी कर सरकार बनाने का खुलासा उन्होंने कर दिया कि किस तरह एक महिला ने सौ वोटिंग की। उन्होंने कहा कि बिहार में भी वोट चोरी करने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में वोट चोरी को रोकना हम सबों का दायित्व है। बिहार की जनता होशियार है और बूथ पर ही उनकी कोशिश को नाकाम कर देना है। चुनावी सभा को पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, प्रत्याशी आबिदुर रहमान, फारबिसगंज के कांग्रेस मनोज विश्वास, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शाद अहमद, राजद जिलाध्यक्ष मंडल अविनाश आनंद सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

Spread the love