Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ईरान-इजरायल संघर्ष को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने भारत सरकार से अपील करते हुए कहा कि सरकार के लिए हमारे नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। राहुल गांधी ने शनिवार को एक्स पोस्ट में कहा कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तेजी से बढ़ती शत्रुता बेहद चिंताजनक है। पश्चिम एशिया में रह रहे प्रत्येक भारतीय नागरिक की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। राहुल ने भारत सरकार से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी उपाय किए जाएं।
भारत ने इजरायल में अपने नागरिकों के लिए जारी किया परामर्श, सावधानी बरतने की अपील : इजरायल-ईरान तनाव के बीच भारत ने इजरायल में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने सभी भारतीयों से सावधानी बरतने और हर समय सतर्क रहने की अपील की है। तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को जारी परामर्श में कहा कि क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति को देखते हुए भारतीय नागरिक इजरायली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें। एडवाइजरी में भारतीयों से अपने निवास या कार्यस्थल के निकटतम सुरक्षित आश्रय स्थलों की जानकारी रखने और उनके पास रहने को कहा गया है। अगली सूचना तक गैर-आवश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही स्थानीय समाचार, आधिकारिक घोषणाओं और आपातकालीन अलर्ट पर नजर रखने को कहा गया है।दूतावास ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक 24 घंटे हेल्पलाइन या ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। दूतावास संबंधित इजरायली अधिकारियों के साथ निकट संपर्क में है और आवश्यकतानुसार अपडेट जारी करेगा। यह परामर्श ऐसे समय में जारी किया गया है जब इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हमले शुरू किए हैं। तेहरान सहित कई शहरों में विस्फोटों की खबरें हैं। इजरायल में हवाई हमले के सायरन बजाए गए हैं और देशभर में आपातकाल घोषित किया गया है। भारत सरकार ने अपने नागरिकों से स्थानीय निर्देशों का पूर्ण पालन करने और सुरक्षित रहने की अपील की है।
कांग्रेस ने भारतीयों की सुरक्षा और निकासी के लिए सरकार से की अपील : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने मध्य पूर्व में ईरान को लेकर बढ़ते सैन्य तनाव पर चिंता जताई है। दोनों नेताओं ने भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए सरकार से तुरंत कदम उठाने की अपील की है। खरगे ने एक्स पर कहा कि हालिया सैन्य कार्रवाई के बाद मध्य पूर्व की स्थिति बिगड़ रही है और शांति एवं स्थिरता बनाए रखना बेहद जरूरी है। कांग्रेस भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है और सरकार से उनके संरक्षण के लिए हर संभव कदम उठाने की मांग करती है। वेणुगोपाल ने कहा कि इज़रायल-अमेरिका की संयुक्त सैन्य कार्रवाई और बढ़ते तनाव ने भारतीय नागरिकों में आशंका पैदा कर दी है। उन्होंने केरल के नागरिकों का जिक्र करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में भारतीय इस क्षेत्र में रहते और काम करते हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय को तुरंत कूटनीतिक और लॉजिस्टिक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने जोखिम में रह रहे भारतीयों की सुरक्षित निकासी और जो लोग लौटना चाहते हैं उनके लिए सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की।
