राजभवन घेरने जा रहे सहायक पुलिसकर्मियों को मोरहाबादी में प्रशासन ने रोका

360° Crime Ek Sandesh Live

Kamesh Thakur
रांची: मोरहाबादी मैदान में दो जुलाई से आंदोलन कर रहे सहायक पुलिसकर्मी सोमवार को राजभवन घेराव के लिए जा रहे थे। लेकिन पुलिसकर्मियों ने मोरहाबादी के पास बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। काफी देर तक सहायक पुलिसकर्मी और जिला प्रशासन आमने-सामने डटे रहे। दोनों के बीच हल्की बहस भी हुई। कुछ देर बाद मौके पर एसडीओ उत्कर्ष कुमार और सिटी एसपी राजकुमार मेहता, डीएसपी प्रकाश सोय ने सहायक पुलिसकर्मियों से बात की। अधिकारियों ने सभी सहायक पुलिसकर्मियों को समझाया तब जाकर सारे लोग शांत हुए। सिटी एसपी ने उनकी मांगों को गृह विभाग के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।
मौके पर झारखंड सहायक पुलिस प्रदेश एसोसिएशन के सचिव विवेकानंद ने कहा कि लगातार हमलोगों को आश्वासन दिया जा रहा है लेकिन काम नहीं हो रहा है। सरकार हमलोगों को बंधुआ मजदूर बनाकर रख दिया है। वेतन के नाम पर मात्र दस हजार रुपये दिये जा रहे है। इससे अपना और अपने परिवार का सारा कुछ कर पाना संभव नहीं है। इस मंहगाई में 10 हजार में क्या होगा। उन्होंने कहा कि हमें भी अन्य पुलिसकर्मियों की तरह समायोजित किया जाये। क्योंकि, जो पुलिस वाले काम करते है वह सारे काम हम लोग से भी लिया जाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में आईएएस वंदना दादेल के साथ वार्ता हुई थी, उस दौरान भी सकारात्मक पहल की बात कही गयी थी लेकिन कुछ नहीं हुआ। इसके पहले भी कई बार सिर्फ आश्वासन मिल चुका है।