राजग संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री का अभिनंदन

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की मंगलवार को हुई बैठक में सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारत-यूरोपीय संघ से हुए व्यापार समझौते के एक सप्ताह के भीतर अमेरिका से भी समझौता होने पर उनका अभिनंदन किया और बधाई दी। बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए अध्यक्ष नितिन नवीन का भी स्वागत किया गया। संसद सत्र के दौरान होने वाली इस बैठक में प्रधानमंत्री, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं वरिष्ठ नेताओं सहित सत्ताधारी गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं एवं सांसदों ने भाग लिया। इस दौरान सांसदों ने कल हुए समझौते को लेकर प्रधानमंत्री की प्रशंसा में नारे भी लगाए।

राजग संसदीय दल की बैठक के बाद संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि इसमें नए भाजपा अध्यक्ष का स्वागत किया गया। साथ ही भारत-अमेरिका, भारत-यूरोप और अन्य देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते पर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए एतिहासिक समझौतों के लिए उनका अभिनंदन किया गया। आधी रात को हुए इस समझौते से देश में इस समय उत्साह का माहौल है। रिजिजू ने कहा कि भारत अबतक 39 विकसित देशों के साथ एफटीए कर चुका है। उल्लेखनीय है कि कल भारत और अमेरिका के बीच काफी समय से लंबित व्यापार समझौता हो गया। इससे भारत के समान पर लगने वाला अमेरिकी टैरिफ कम हो गया है। इसके चलते शेयर बाजार में भी काफी उछाल देखने को मिला है।

Spread the love