राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए प्रियदर्शन

Entertainment

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : दिग्गज फिल्मकार प्रियदर्शन ने अभिनेता राजपाल यादव के मुश्किल दौर में उनका खुलकर समर्थन किया है। मीडिया से बातचीत में प्रियदर्शन ने कहा कि वह राजपाल को 20 साल से अधिक समय से जानते हैं और पहली बार उन्हें फिल्म ‘जंगल’ में देखकर प्रभावित हुए थे। उन्होंने बताया कि दोनों ने साथ में मालामाल वीकली से काम शुरू किया और उसके बाद राजपाल उनकी कई फिल्मों का हिस्सा रहे। प्रियदर्शन ने यह भी खुलासा किया कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने अपनी अगली फिल्म के निर्माताओं से राजपाल को तय फीस से अधिक भुगतान करने का अनुरोध किया है, जिस पर निर्माता सहमत हो गए हैं।

प्रियदर्शन ने राजपाल को बेहद नेक इंसान बताते हुए कहा कि कम शिक्षा के कारण वह कानूनी और वित्तीय जटिलताओं को ठीक से समझ नहीं पाए, जिससे विवादों में फंस गए। उन्होंने कहा, “हम उन्हें इस मुसीबत से बचाना चाहते हैं। मुझे उनकी समस्या के बारे में पहले से पता था, इसलिए मैं उन्हें लगातार काम देता रहा, यहां तक कि विज्ञापनों में भी अवसर दिलाए।” प्रियदर्शन के अनुसार, राजपाल उनकी अगली फिल्म में खलनायक की भूमिका निभा रहे हैं और वह चाहते हैं कि इस कठिन समय में उन्हें मजबूती मिले। गौरतलब है कि चेक बाउंस के एक पुराने मामले में राहत न मिलने के बाद राजपाल ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था और फिलहाल छह महीने की सजा काट रहे हैं। उनकी जमानत याचिका पर अगली सुनवाई 16 फरवरी 2026 को निर्धारित है। इस बीच सलमान खान, अजय देवगन, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, डेविड धवन और सोनू सूद सहित कई फिल्मी हस्तियां उनके समर्थन में आगे आई हैं। राजपाल की पत्नी राधा ने भी इस कठिन समय में मिल रहे सहयोग के लिए फिल्म इंडस्ट्री का आभार जताया है।

Spread the love