राज्य की दुर्दशा का जिम्मेदार हेमंत सोरेन : बाबूलाल मरांडी

Election

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम : पूर्वी सिंहभूम जिला में पूर्व मुख्यमंत्री झारखंड सह प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा नेता सुरेश साव, स्थानीय मुखिया दुलारी सोरेन ने शनिवार को घाटशिला उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के समर्थन में तेरेंगा पंचायत के तालडीह टोला में जनसम्पर्क किया। इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की सबसे बड़ी समस्या हेमन्त सोरेन है वे जबतक सत्ता में रहेंगे समस्या बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में लूट मची हुई है, घुसपैठियों को बढ़ावा दिया जा रहा है और आदिवासी की ज़मीन पर कब्जा हो रहा है। बेरोज़गारी चरम पर है। मरांडी ने कहा कि झारखंड में चारों ओर भ्रष्टाचार का बोल बाला है उन्होंने यहा से बाबूलाल सोरेन को जिताने की अपील की। मुखिया दुलारी सोरेन ने कहा कि हेमन्त सोरेन के सरकार में महिलाओं की असुरक्षा हो रही है। भाजपा नेता सुरेश साव ने कहा कि झारखंड में हेमन्त सरकार का कार्यकाल पूरा नहीं होने से पहले लोग परिवर्तन की बात करने लगे हैं। और यह परिवर्तन घाटशिला विधानसभा के उपचुनाव में दिखाई देगा।

राज्‍य सरकार से जनता का भरोसा टूटा, भाजपा लड़ रही अस्मिता की लड़ाई : घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के जादूगोड़ा स्थित रामनगर बस्ती में शनिवार को झारखंड के पूर्व मंत्री और रांची के विधायक सीपी सिंह ने जनसंपर्क अभियान चलाया। उनके आगमन पर स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान झारखंड महिला मोर्चा की नेत्री शिला उरांव ने अपने समर्थकों के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मौके पर सीपी सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और भाजपा के सिद्धांत और संगठन की भावना से परिचित कराया। सभा को संबोधित करते हुए सीपी सिंह ने कहा कि मौजूदा झारखंड सरकार जनता की भावनाओं से पूरी तरह कट चुकी है और उसने आम लोगों का विश्वास खो दिया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज, गरीब और किसान खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। सरकार ने विकास की जगह भ्रष्टाचार और कुशासन को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि अब जनता इस निकम्मी और भ्रष्ट सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। घाटशिला उपचुनाव में जनता भाजपा के पक्ष में एकजुट होकर वोट देगी। सिंह ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अधिकार, अस्मिता और सम्मान की सच्ची लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने लोगों से आगामी 11 नवंबर को होने वाले घाटशिला उपचुनाव में क्रमांक संख्या-1 पर कमल का बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज प्रताप सिंह, रोहित सिंह परमार, चंचल दास, विक्रम सिंह, रूपाली सवैया, तनुश्री नंदा, रीना महाली, सुमित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। सभा के दौरान लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Spread the love