Eksandeshlive Desk
रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजभवन में भेंट कर पद से त्यागपत्र सौंप दिया। राज्यपाल ने उनका त्यागपत्र स्वीकार कर वैकल्पिक व्यवस्था के गठन तक अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहने के लिए कहा। साथ ही नई सरकार के गठन के लिए आमंत्रित भी किया। इसके बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) एवं भाकपा (माले) के शिष्टमंडल ने राजभवन में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड राज्य में सरकार गठन के लिए निर्वाचित विधायकों का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा। राज्यपाल ने हेमंत सोरेन को झारखंड राज्य का मनोनीत मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए उन्हें सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया।
शपथ ग्रहण समारोह 28 नवंबर को होगा
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजभवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्तमान सरकार से इस्तीफा देते हुए आज हमने राज्यपाल के समक्ष नई सरकार के गठन का दावा पेश किया है। राज्यपाल ने उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री का जिम्मा सौंपा। साथ ही सरकार बनाने का न्योता भी दिया। राज्यपाल को इंडिया गठबंधन के सभी नवनिर्वाचित विधायकों की सूची भी सौंपी गई। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 28 नवंबर को होगा। हेमंत सोरेन के साथ राजभवन पहुंचे नेताओं में कांग्रेस, राजद और वाम दल के प्रभारी मौजूद रहे।
राज्यपाल को निर्वाचन आयोग ने विजयी प्रत्याशियों की सूची सौंपी
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से रविवार को राजभवन में भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव अरविंद आनंद एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने भेंटकर विधानसभा निर्वाचन-2024 में विजयी प्रत्याशियों की सूची समर्पित की।