Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड राज्य कुश्ती संघ की ओर से अंडर-15 आयु वर्ग के पहलवानों के लिए राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता सह चयन ट्रायल का आयोजन आगामी 11 फरवरी को मोरहाबादी मैदान में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। उन्होंने इस खेल में खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली अंडर-15 कुश्ती प्रतियोगिता 2026 में झारखंड टीम के चयन के उद्देश्य से किया जा रहा है।
चयन ट्रायल प्रातः 7 बजे से मोरहाबादी स्थित कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र में शुरू होगा, जिसमें बालक फ्रीस्टाइल, ग्रीको रोमन स्टाइल एवं बालिका फ्रीस्टाइल वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस चयन ट्रायल में वर्ष 2011 और 2012 में जन्मे खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। इसके साथ ही वर्ष 2013 में जन्मे खिलाड़ी भी मेडिकल सर्टिफिकेट अथवा अभिभावक प्रमाण पत्र के साथ भागीदारी कर सकते हैं। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए पंचायत या नगर परिषद की ओर से निर्गत जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आवासीय प्रमाण पत्र की मूल एवं छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य किया गया है। प्रतियोगिता के दौरान अंडर-15 बालक फ्रीस्टाइल और ग्रीको रोमन वर्ग में 38 किलोग्राम से 85 किलोग्राम तक के विभिन्न भार वर्ग शामिल किए गए हैं, जबकि बालिका फ्रीस्टाइल वर्ग में 33 किलोग्राम से 66 किलोग्राम तक के भार वर्ग निर्धारित हैं।
