राम जन्मोत्सव में भगवामय हुआ कोलेबिरा, निकली भव्य शोभायात्रा

Ek Sandesh Live Religious

AMIT RANJAN

सिमडेगा/कोलेबिरा: चैत्र शुक्ल नवमी के पावन अवसर पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर पूरा कोलेबिरा भगवामय हो उठा। रामनवमी के मौके पर प्रखंड क्षेत्र में आस्था, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। गली-मोहल्लों से लेकर चौक-चौराहों तक महावीरी पताकाओं से सजा पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने भगवान श्रीराम और बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

दोपहर बाद कोलेबिरा प्रखंड में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। विभिन्न अखाड़ाधारियों के साथ ढोल-नगाड़ों की गूंज और जय श्रीराम के नारों से वातावरण गूंज उठा। यह शोभायात्रा रन बहादुर सिंह चौक से निकलकर मुख्य मार्ग होते हुए नवाटोली पंचायत स्थित रामनवमी पहाड़ पहुंची, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।शोभायात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चे राम, लक्ष्मण, भरत और माता सीता के स्वरूप में आकर्षण का केंद्र बने रहे।रामनवमी पहाड़ पर विभिन्न अखाड़ों द्वारा लाठी, तलवार और पारंपरिक युद्ध कला का शानदार प्रदर्शन किया गया। खिलाड़ियों ने अपने हैरतअंगेज करतबों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को समिति द्वारा पुरस्कृत किया गया।
साथ ही प्रखंड प्रशासन के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी अनूप कच्छप एवं थाना प्रभारी हर्ष कुमार शाह, साथ ही बन बिहार कुमार और नवीन कुमार को अंगवस्त्र व पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
श्रद्धालुओं के लिए सेवा और व्यवस्था

शोभायात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के स्वागत एवं सेवा की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई।
बजरंग दल कोलेबिरा, भोक्ता समाज विकास संघ भवरपहाड़ गढ़, दलित विकास संघ कोलेबिरा एवं जय गुरुदेव परिवार के द्वारा जगह-जगह गुड़-चना, शर्बत एवं पेयजल की व्यवस्था की गई, जिससे हजारों श्रद्धालुओं को राहत मिली।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रशासन रहा मुस्तैद

रामनवमी को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी अनूप कच्छप एवं थाना प्रभारी हर्ष कुमार शाह सब इंस्पेक्टर बन बिहार कुमार नवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

रामनवमी में दिखा नारी शक्ति का अद्भुत स्वरूप

इस वर्ष रामनवमी के अवसर पर नारी शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला।रामनवमी पहाड़ में महिलाओं और बेटियों ने मां दुर्गा और मां काली के स्वरूप में प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।दलित विकास संघ की महिलाओं ने अखाड़ा में लाठी खेल का शानदार प्रदर्शन किया, जिसने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। कोलेबिरा की बेटियों ने अपनी प्रतिभा और साहस से यह साबित कर दिया कि वे किसी से कम नहीं हैं।

समाज के हर वर्ग की भागीदारी इस भव्य आयोजन में

जितेन्द्र प्रसाद, धनंजय झा (बजरंग दल अध्यक्ष), अभिषेक कुमार (विश्व हिंदू परिषद), अशोक इंदवार, चंदन कुमार, उपेंद्र प्रसाद, चिंतामणि पति, विनोद कुमार डबलू, सुबोध कुमार, सुनील साह, रंजीत कुमार, गोपाल, प्रवीण कुमार, विनोद सिंह, अंकित, शिवा, दीपेश, जयरामसहित विभिन्न गांवों से आए अखाड़ाधारी शामिल हुए।

Spread the love