Eksandeshlive Desk
रांची : रांची और आसपास के इलाकों में रविवार को दोपहर तक मौसम साफ रहा। इससे भीषण गर्मी और उमस महसूस की गई, लेकिन इसके बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिली। इस दौरान रांची में अधिकतम उमस 98 प्रतिशत तक दर्ज किया गया। वहीं झारखंड के गोड्डा जिला में सबसे अधिक 86.4 मिलीमीटर बारिश पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज की गई है। यह जानकारी मौसम विभाग ने रविवार को दी।
राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्यवर्ती हिस्सों में कहीं-कहीं भारी, तो कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना : मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्यवर्ती हिस्सों में कहीं-कहीं भारी, तो कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। 16 अगस्त को उत्तर-पूर्वी और उत्तर- माध्यवर्ती भागों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गयी है। इन इलाकों में कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे वधिक तापमान 34.9 डिग्री गोड्डा में और सबसे कम तापमान लातेहार में 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री, जमशेदपुर में 34.6 डिग्री, डालटेनगंज में 34 डिग्री, बोकारो में 30.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
