Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड की राजधानी रांची और उसके आसपास के इलाकों में शुक्रवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और आंधी-बारिश के साथ तेज ओलावृष्टि हुई। इससे कच्चे घरों, वाहनों और फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की खबर है। इससे जहां लोगों को चिलचिलाती धूप एवं गर्मी से राहत मिली, वहीं कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा होने के कारण आवाजाही प्रभावित हुई। ओलावृष्टि से किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान होने की आशंका है। वहीं मौसम विभाग ने राज्य में अगले 24 घंटों में और बारिश एवं ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
झारखंड के लोगों को अप्रैल में मिली प्रचंड गर्मी से राहत : मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण झारखंड के लोगों को अप्रैल में लगभग पूरा माह प्रचंड गर्मी से राहत मिली है। काल बैसाखी के कारण इस माह राजधानी रांची सहित राज्य के सभी जिलों में कमोबेश हल्की बारिश, गर्जन, वज्रपात और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली। इससे राज्य भर में तापमान नियत्रंण में रहा और लोगों को प्रचंड गर्मी नहीं सहना पड़ा। राज्य भर में औसत तापमान लगभग 35 डिग्री रहा। राज्य के अत्यधिक गर्मी पड़ने वाले जिले पलामू, गढ़वा,पूर्वी सिंहभूम, धनबाद, सिमडेगा, चतरा सहित अन्य जिलों में तापमान इस बार पिछले साल की तुलना में कम रहा।
21 अप्रैल तक तेज हवा चलने की संभावना : हालांकि उपर्युक्त जिलों में कुछ दिनों के लिए मौसम ने आग उगला, लेकिन अत्यधिक गर्मी पड़ने का सिलसिला मौसम में हुए बदलाव के चलते टूट गया। वहीं मौसम विभाग विभाग के अनुसार 21 अप्रैल तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन और वज्रपात तथा 30 से 40 किलोमीटर की गति से तेज हवा चलने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को रांची में अधिकतम 31.1 डिग्री, जमशेदपुर में 37.7, डालटेनगंज में 39.4, बोकारो में 33.2 और चाईबासा में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।