Eksandeh Desk
रांची: नगर निगम के अक्रमन्यता के कारण रांची आज चारों तरफ से पानी पानी हुआ पड़ा है। हर तरफ घर दुकान डूबे हुए हैं। कई मोहल्ले जलमग्न हो चुके हैं। आज भीषण बारिश के बीच दर्जनों मोहल्ले को देखा। यह स्पष्ट देखने को मिला कि यह नगर निगम की अक्रमन्यता है। रांची के लोगों का जीवन नरकीय बन गया है। उक्त बातें रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद श्री संजय सेठ ने आज रांची शहर के कई मोहल्ले का भ्रमण करने के बाद कही। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी रांची की स्थिति देखकर नगर निगम को आगाह किया था परंतु यह दुर्भाग्य है कि 1 साल के बाद भी नगर निगम ने कोई कदम नहीं उठाया। श्री सेठ ने कहा कि रांची की ऐसी नरकीय स्थिति का एक बड़ा कारण नगर निगम का चुनाव नहीं होना भी है। चुनाव होने के उपरांत संबंधित वार्ड सदस्य अपने-अपने क्षेत्र की देखरेख और साफ सफाई की जिम्मेदारी लेते हैं। इसके परिणाम स्वरूप जल जमाव नहीं हो पता है परंतु चुनाव नहीं होने से पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। यह सोचने वाली बात है कि पहाड़ी इलाका रांची जलमग्न कैसे हो रहा है?
श्री सेठ ने कहा कि जहां-तहां बड़े-बड़े नालों पर अतिक्रमण भी जल जमाव का एक बड़ा कारण बन चुका है। अतिक्रमण हटाने में नगर निगम की थोड़ी भी रुचि नहीं दिखती है। बड़े-बड़े नालों की सफाई नहीं हो पाती है, जिस वजह से कई मोहल्ले डूबे हुए हैं। रक्षा राज्य मंत्री ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि नगर निगम के पास शहर की साफ सफाई व विकास कार्य को पैसे नहीं हैं। जब भी किसी योजना को लेकर नगर निगम से बात की जाती है तो यही कहा जाता है कि उसके लिए नगर विकास विभाग को लिखा गया है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। नगर निगम के पास पैसे का नहीं होना भी रांची की नरकीय स्थिति का एक बड़ा कारण है। उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन रांचीवासियों की चिंता करे और प्राथमिकता के आधार पर इस दिशा में काम शुरू होना चाहिए।