अपराध नियंत्रण के लिए लागू हो योगी मॉडल : संजय सेठ
रांची: राजधानी रांची में स्थित कटहल मोड में अपराधियों के द्वारा एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में की गई गोलीबारी पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने राज्य की शासन व्यवस्था को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने पूरे सिस्टम पर कई सवाल खड़े किए हैं। इसके साथ ही रक्षा राज्य मंत्री ने झारखंड में अपराध नियंत्रण के लिए योगी मॉडल लागू करने की वकालत की है। श्री सेठ ने कहा कि अपराधियों की गोलीबारी से एक बार फिर राजधानी रांची थर्राई है। अपराधियों का तांडव बेरोक-टोक चल रहा है और पूरा सिस्टम मूकदर्शक बना हुआ है। यह अब समझ से परे हो चुका है कि आखिर राजधानी में लोग जैसे अपना व्यवसाय करेंगे? आखिर कैसे इस शहर में लोग सुरक्षित रहेंगे? आज कटहल मोड पर व्यवसायी राधेश्याम साहू को अपराधियों ने गोली मारी है।उन्होंने कहा कि यह शासन प्रशासन को खुली चुनौती है। रांची में हर वर्ग अपराधियों के लगातार निशाने पर है। चेन छिनतई तो रांची के लिए रूटिंग वाली घटना हो चुकी है। राजधानी की जनता दहशत में है, सुदूरवर्ती क्षेत्र की स्थिति का अंदाज हम सहज रूप से लगा सकते हैं। आखिर रांची के जनता को सुरक्षा की गारंटी कौन देगा? ऐसा लग रहा है जैसे बिहार वाला जंगल राज, अब झारखंड में शिफ्ट हो चुका है और रांची अपराधियों की राजधानी बन चुकी है। प्रशासन अपराधियों पर ठोस कार्रवाई और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करे।श्री सेठ ने कहा कि राजधानी सहित पूरे राज्य में अपराध नियंत्रण के लिए एक ही ईलाज है कि यहां योगी मॉडल लागू किया जाए।