भारत ने दक्षिण अफ्रीका को दिया 350 रनों का लक्ष्य, कोहली का शतक, रोहित ने रचा इतिहास

Sports

स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब, विराट और रोहित की झलक पाने के लिए हजारों प्रशंसक जर्सी पहनकर लाइन में खड़े नजर आए

रांची : रांची में खेले जा रहे पहले वनडे मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 350 रनों का लक्ष्य रखा है। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 21 ओवर में 4 विकेट खोकर 130 रन बना लिए हैं। भारतीय पारी के दौरान विराट कोहली 135 रन बनाकर आउट हुए। भारतीय टीम ने 8 विकेट खोकर 349 रन बनाए। विरोट कोहली 120 गेंदों पर 135 रन बनाकर नांडे बर्गर की गेंद पर रिकेल्टन को कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में 7 छक्के और 11 चौके लगाए। कोहली के अलावा रोहित शर्मा और केएल राहुल ने अर्धशतक लगाया। राहुल ने अपनी 60 रनों की पारी में 56 गेंदों का सामना किया और 2 चौक्के एवं 3 छक्के जड़े। रोहित शर्मा ने 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। इसके साथ ही भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने एक बार फिर अपने बल्ले से इतिहास लिख दिया। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में रोहित ने तीन तूफानी छक्के लगाकर वनडे इतिहास का सबसे ज्यादा छक्का मारने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। रोहित अब वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 352 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। यह रिकॉर्ड लंबे समय से पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के नाम था, जिन्होंने 398 मैचों में 351 छक्के जड़े थे, लेकिन रांची की धरती पर रोहित ने यह मुकाम अपने अंदाज में ऊंचे और सीधी टाइमिंग वाले शॉट्स की बदौलत हासिल किया।

सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम : मैच को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इससे पहले सुबह होते ही स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई और माहौल क्रिकेट रंग में रंग गया। विराट कोहली और रोहित शर्मा की झलक पाने के लिए हजारों प्रशंसक जर्सी पहनकर लाइन में खड़े नजर आए। स्टेडियम के भीतर और बाहर नीली जर्सियों का सागर उमड़ पड़ा। खास बात यह है कि इस मैच को देखने देश के कई राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी दर्शक पहुंचे हैं। सुबह 9 बजे से ही दर्शकों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतज़ाम किए हैं। पूरा स्टेडियम परिसर पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। लगभग 5000 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। हर प्रवेश द्वार पर सख़्त जांच की व्यवस्था की गई है। ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। क्विक रिस्पॉन्स टीम लगातार गश्त पर है। सुरक्षा व्यवस्था की खुद रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन मॉनिटरिंग कर रहे हैं। स्टेडियम के बाहर बच्चों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कई लोग अपने चेहरे पर तिरंगा पेंट करवा रहे हैं। दुकानों पर टीम इंडिया की जर्सी, झंडे और बैंड की खूब बिक्री हो रही है। अंदर स्टेडियम में भी भारतीय तिरंगा लगातार लहराता दिखाई दे रहा है। साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। इस मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली लगभग 9 महीने बाद भारतीय घरेलू मैदान पर इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं, जिससे दर्शकों में उत्साह और बढ़ गया है।

प्लेइंग XI : भारत: केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़/तिलक वर्मा, नीतीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा। साउथ अफ्रीका: टेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, ऐडन मार्करम, रायन रिकेल्टन/टोनी डी जॉर्जी, मैथ्यू ब्रीट्जकी, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, प्रनेलन सुब्रायन, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी/नांद्रे बर्गर।

Spread the love