Eksandeshlive Desk
रांची : रांची के लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोवर वर्द्धमान कंपाउंड (धोबी घाट) में शनिवार रात हुई मधेश्वर सिंह की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुन्ना कच्छप और उसके दो बेटे अमन कच्छप तथा अनिकेत कच्छप शामिल हैं। सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में नगर पुलिस उपाधीक्षक केवी रमण ने बताया कि मामूली विवाद के बाद दो सगे भाइयों ने अपने पिता के साथ मिलकर बुजुर्ग मधेश्वर सिंह की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 31 जनवरी की रात लोवर वर्द्धमान कंपाउंड निवासी मधेश्वर सिंह टहलने निकले थे। इसी दौरान मोहल्ले के ही अमन और अनिकेत कच्छप से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों भाइयों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर पिता मुन्ना कच्छप मौके पर पहुंचा और उसने भी अपने बेटों के साथ मिलकर हमला किया। गंभीर चोट लगने से मधेश्वर सिंह मौके पर ही बेहोश हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पीड़ित के पुत्र पियूष कुमार सिंह के बयान पर लालपुर थाने में हत्या सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी टीम में थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह, ऋषिकांत, उत्तम कुमार, मुकेश उरांव और अजय कुमार शामिल थे। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
