रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई : यौन शोषण के आरोप में खूंटी जिला परिषद अध्यक्ष गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

रांची/खूंटी : खूंटी जिला परिषद के अध्यक्ष मसीह गुड़िया को रांची जिले के चुटिया थाने की पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से शनिवार को जिला परिषद में स्थित उनके चैंबर से गिरफ्तार कर लिया। इसकी पुष्टि करते हुए खूंटी के एसपी मनीष टोप्पो ने कहा कि गिरफ्तारी रांची पुलिस ने की है। जानकारी के अनुसार मसीह गुड़िया के खिलाफ रांची जिले के चुटिया थाने में एक महिला ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। इससे पूर्व महिला अपनी शिकायत लेकर खूंटी पुलिस के पास पहुंची थी, लेकिन मामला रांची जिले से संबंधित था। इस कारण महिला के आवेदन को रांची एसएसपी कार्यालय भेज दिया गया था। इधर, रांची पुलिस ने जांचोपरांत चुटिया थाने में महिला के आवेदन के आलोक में केस चुटिया थाने में दर्ज कर लिया था।

अध्यक्ष पर क्या हैं आरोप : महिला ने अपने आवेदन में कहा है कि सात फरवरी 2024 को उसकी शादी दिवड़ी मंदिर में जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया के साथ हुई थी और 23 अप्रैल 2024 को रांची रजिस्ट्री ऑफिस में विवाह हुआ। महिला का आरोप है कि शादी होने के बाद भी उसके पति उसे घर नहीं ले गए। कहने लगे सामाजिक विवाह करने के बाद घर ले जाएंगे, लेकिन आज तक घर नहीं ले गए। महिला ने आवेदन में कहा है कि छह जुलाई 2024 के बाद उसके पति और परिवार वालों का व्यवहार उसके प्रति बदल गया। महिला का आरोप है कि उसकी ननद ने फोन कर कहा था कि उसके भाई को छोड़ दे, रिश्ता तोड़ ले। महिला ने कहा है कि 12 जुलाई 2024 को उसके पति उससे मिलने रांची आए थे। अक्तूबर 2024 में 30 लाख रुपये की मांग की। उसके बाद धीरे-धीरे कॉल और वाह्टसएप करना बंद कर दिया।

शादी से पहले जबरदस्ती : महिला का आरोप है कि विधानसभा चुनाव में जब उसके पति को टिकट नहीं मिला, तब उसे वह मनहुस कहने लगे। महिला ने आरोप लगाया है कि दिवड़ी मंदिर में शादी से पहले 23 जनवरी 2024 को मसीह गुड़िया ने उसका जबरन शारीरिक शोषण गेतलसूद डैम से कुछ दूरी पर सुनसान जगह में अपने काले रंग की बोलेरो कार में किया था। ज्ञात हो कि कुछ दिन पूर्व ही जिला परिषद अध्यक्ष के खिलाफ परिषद के सात सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था। चुटिया थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत ने बताया कि आराेपी काे खूंटी से गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Spread the love