Eksandeshlive Desk
रांची/लोहरदगा : झारखंड की राजधानी रांची सहित कई जिलों में रविवार को तड़के मौसम ने कहर बरपाया। भारी गर्जना के साथ तेज आंधी और भारी बारिश ने पूर्वी सिंहभूम, चाईबासा, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर, सरायकेला, रांची, खूंटी, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़ सहित कई जिलों में तबाही मचाई है। वहीं लोहरदगा जिले में शनिवार को हुई तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि से फसलों और कच्चे घरों को भारी नुकसान हुआ है। इस बीच, मौसम विभाग ने कहा है कि राज्य के सभी जिलों में सोमवार से मौसम साफ होगा। इससे तापमान में फिर से वृद्धि होगी।
साढ़े पांच घंटे बाद बिजली व्यवस्था बहाल हो सकी : रविवार को सुबह लगभग तीन बजे शुरू हुआ यह तूफानी मौसम का कहर सुबह करीब 5.45 बजे तक जारी रहा। इस कारण बिजली व्यवस्था ठप हो गई और कई इलाकों में पेड़ गिरने के साथ ही घरों को नुकसान होने की खबरें सामने आई हैं। भारी मशक्कत के बाद रांची शहरी क्षेत्र में सुबह 9 बजे बिजली व्यवस्था बहाल हुई। बिजली नहीं रहने से लोगों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। परेशान लोग बिजली विभाग के कार्यालयों में लगातार फोन कर रहे थे। तेज आंधी और बारिश के कारण राज्य के कई इलाकों में बिजली के तार टूट गए। रांची शहर के ज्यादातर हिस्सों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। करीब साढ़े पांच घंटे बाद बिजली व्यवस्था बहाल हो सकी। आंधी और बारिश की वजह से कई जगहों पर तारों को नुकसान पहुंचा था। जानकारी के मुताबिक आंधी और बारिश के कारण कांके रोड, हरमू रोड, और रातू रोड में पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। अपर बाजार इलाके में एक पुराने पेड़ के गिरने से एक घर की छत पूरी तरह टूट गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। थाना प्रभारी कोतवाली आदिकांत महतो ने बताया कि एक घर पर पेड़ गिरा है। लेकिन इसमें कोई भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
लोहरदगा जिले में ओलावृष्टि से हुआ किसानों को भारी नुकसान : वहीं लोहरदगा जिले में शनिवार को हुई तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि से फसलों और घरों को भारी नुकसान हुआ है। जिले के सदर प्रखंड, किस्को, सेन्हा और भंडरा प्रखंड सहित जिले भर में आंधी, ओलावृष्टि और बारिश के कारण किसानों की कमर टूट गई है। कई किसानों को ओलावृष्टि के कारण लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि इतनी भयानक रही की रविवार सुबह तक खेतों में बर्फ जमी रही। जिले में सैकड़ों एकड़ में लगी गेहूं की तैयार फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। साथ ही अन्य फसलों को भी काफी नुकसान हुआ है। किसानों ने जिला प्रशासन और सरकार से मुआवजा की मांग की है। जिले में गेहूं, सरसों, चना, टमाटर, प्याज, आलू, गोभी, मटर सहित अन्य फसल भी ओलावृष्टि के कारण पूरी तरह बर्बाद हो गई है। यहां के किसानों के समक्ष अब आर्थिक संकट पैदा हो गया है। कई किसान ऋण लेकर खेती कर रहे थे, लेकिन बारिश के कारण फसल पूरी तरह बर्बाद हो गया है। किसानों ने बताया कि ऐसी उम्मीद उन्हें नहीं थी। किसानों ने जिला प्रशासन से बेमौसम हुई बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान को लेकर मुआवजा और आर्थिक सहायता की मांग की है। उपायुक्त ने स्वयं गांवों का भ्रमण कर स्थिति का आकलन किया और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया है। प्रखंडों से भी क्षति का आकलन किया जा रहा है।
झारखंड के सभी जिलों में 24 से मौसम होगा साफ, बढ़ेगा तापमान : इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि राज्य के सभी जिलों में सोमवार से मौसम साफ होगा। इससे तापमान में फिर से वृद्धि होगी। वहीं पिछले तीन-चार दिनों से निम्न दबाव के कारण राज्य भर में हुई बारिश, ओलावृष्टि और तेज गति की हवा के कारण कई पेड़ धराशायी हो गए, जबकि ओलावृष्टि से कई लोगों के एस्बेस्टस के घर टूट गए, रबी फसल और सब्जियों को भारी नुकसान हुआ। रविवार को भी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाये रहे और दोपहर में हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि बीच-बीच में धूप भी निकला। रांची में अधिकतम तापमान 28.1, जमशेदपुर में 27.8, डालटेनगंज और बोकारो में 33.6 तथा चाइबासा में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।