राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी में झारखंड बना चैंपियन, जीते पांच स्‍वर्ण सहित 10 पदक, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

Sports

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की अगुवाई में उत्तर प्रदेश गए झारखंड की खिलाड़ियों ने 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने अपनी अद्भुत कौशल, धैर्य और लगन का परिचय देते हुए पांच स्वर्ण, चार रजत, एक कांस्य, कुल 10 पदक जीता। उत्तर प्रदेश के डॉ आंबेडकर क्रीड़ा संकुल, बड़ा लालपुर, वाराणसी में आयोजित यह प्रतियोगिता 19 से 21 नवंबर तक आयोजित हुई। बालक और बालिका दोनों वर्गों में झारखंड को फर्स्ट रनर–अप का सम्मान भी प्राप्त हुआ। यह जानकारी राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए सोरेंग ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में जीत दर्ज करनेवाली अंडर-14 बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक बेबी कुमारी (30 मी. इंडियन इंडिविजुअल राउंड तीरंदाजी), बेबी कुमारी (30 मी.इंडियन राउंड ओवरऑल तीरंदाजी), खुशी कुमारी (40 मी रिकर्व इंडिविजुअल तीरंदाजी), खुशी कुमारी, आराध्या पाठक, राधिका कुमारी, स्निग्धा सरकार (40 मीटर रिकर्व टीम तीरंदाजी), सुनीता टूटी, बेबी कुमारी, अलमानी महतो, रचना टूटी (30 मीटर इंडियन राउंड टीम तीरंदाजी) के नाम हैं।

वहीं रजत पदक पानेवालों में खुशी कुमारी (40 मी रिकर्व ओवरऑल तीरंदाजी), सुनीता टूटी (30 मी इंडियन राउंड ओवरऑल तीरंदाजी), सुनीता टूटी (30 मी इंडिविजुअल इंडियन राउंड तीरंदाजी) के नाम शामिल हैं, जबकि अंडर-14 बालक वर्ग में रजत पदक में विशाल स्वानसी (30 मी इंडियन राउंड ओवरऑल तीरंदाजी), कांस्य पदक पानेवालों में दिनेश बेदिया (30 इंडियन राउंड इंडिविजुअल तीरंदाजी) के नाम शामिल हैं। कोच मैनेजर सुदीप कुमार और सौम्य घटक के नेतृत्व में गए अंडर-14 बालक और बालिका वर्ग में झारखंड की बेटियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदक अपने नाम कर बालिका वर्ग में ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। कार्यक्रम पदाधिकारी ने कहा कि झारखंड के इन नौनिहाल तीरंदाजों ने अपने निरंतर अभ्यास, अनुशासन, सटीक निशाने, खेल भावना और दृढ़ संकल्प के बदौलत यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी मेहनत ने सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा अगर अवसर और सही मार्गदर्शन पाए, तो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक सकती है। इस ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित अन्‍य ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Spread the love