राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के रांची दौरे को लेकर तीन दिन बदली रहेगी यातायात व्यवस्था

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 28 से 30 दिसंबर तक प्रस्तावित रांची दौरे को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं। राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई प्रमुख मार्गों पर मालवाहक और सवारी वाहनों के प्रवेश व परिचालन पर अस्थायी रोक लगाई गई है। हालांकि, एंबुलेंस, दमकल और अन्य इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से पूरी तरह छूट दी गई है। रांची के यातायात पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक एसपी) राकेश सिंह ने शनिवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार तीन दिनों तक अलग-अलग समय पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे।

28 दिसंबर को यातायात व्यवस्था : आदेश के अनुसार, 28 दिसंबर को शाम चार बजे से रात 8.30 बजे तक शहर में सभी छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, बसों और सवारी वाहनों का प्रवेश और परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान भारी मालवाहक वाहन रिंग रोड का उपयोग करते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। नो एंट्री का समय पहले की तरह प्रभावी रहेगा। रातू और काठीटांड की ओर जाने वाले सभी वाहन कांके रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इसके अलावा हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, अरगोड़ा चौक, सहजानंद चौक, किशोरगंज चौक, न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक, एसएसपी आवास और लोक भवन मार्ग पर दोपहर दो बजे से रात 8.30 बजे तक सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों को भी अस्थायी रूप से डायवर्ट किया जा सकता है।

29 दिसंबर को यातायात व्यवस्था : रांची में 29 दिसंबर को सुबह सात बजे से दिन के 11 बजे तक और शाम चार बजे से रात 8.30 बजे तक सभी छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, बसों और सवारी वाहनों का प्रवेश व परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। रातू और काठीटांड की ओर जाने वाले वाहन कांके रिंग रोड से होकर जाएंगे। हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, अरगोड़ा चौक, सहजानंद चौक, किशोरगंज चौक, न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक, एसएसपी आवास और लोक भवन मार्ग पर निर्धारित समय में सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इसके अलावा नया सराय रिंग रोड से रामपुर चौक रिंग रोड तक बड़े वाहनों, बसों और सवारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जमशेदपुर और बुंडू की ओर से आने वाले सभी वाहन रिंग रोड से दाहिने मुड़कर टाटीसिल्वे होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे, जबकि रांची से जमशेदपुर जाने वाले वाहन दुर्गा सोरेन चौक से दाहिने मुड़कर टाटीसिल्वे होते हुए रिंग रोड के रास्ते जाएंगे। खरसीदाग ओपी से सदाबहार चौक के बीच भी बड़े वाहनों और बसों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

30 दिसंबर को यातायात व्यवस्था : 30 दिसंबर की बात करें, तो उस दिन सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक शहर में सभी छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, बसों और सवारी वाहनों का प्रवेश और परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान भारी मालवाहक वाहन रिंग रोड से होकर परिचालन कर सकेंगे। हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, अरगोड़ा चौक, सहजानंद चौक, किशोरगंज चौक, न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक, एसएसपी आवास और लोक भवन मार्ग पर सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले निर्धारित रूट और समय की जानकारी अवश्य ले लें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन कर सहयोग करें।

28 से 30 तक एयरपोर्ट से लोकभवन तक नो फ्लाई जोन : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 28 से 30 दिसंबर तक तीन दिवसीय यात्रा पर झारखंड आ रही हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक से लोकभवन के 200 मीटर की परिधि को सदर अनुमंडल दंडाधिकारी उत्कर्ष कुमार ने नो फ्लाइंग जोन घोषित किया है। यह बीएनएसएस की धारा के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए निषेधाज्ञा जारी की गई। उपरोक्त क्षेत्र के ऊपर ड्रोन, पैराग्लाइडिंग व हॉट एयर बैलूंस पूरी तरह वर्जित रहेंगे। यह निषेधाज्ञा 28 दिसंबर सुबह 6:00 बजे से 30 दिसंबर रात 10:00 बजे तक के लिए लागू रहेगा।

Spread the love