Eksandeshlive Desk
गांधीनगर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ महादेव का दर्शन पूजन किया और महादेव के चरणों में शीश झुकाकर माथा टेका। राष्ट्रपति ने भगवान सोमनाथ दादा से देश के नागरिकों के जनकल्याण और सुख-समृद्धि के लिए भावपूर्वक प्रार्थना की। उन्होंने भक्ति, भव्यता और दिव्यता के प्रतीक प्रथम ज्योतिर्लिंग के समक्ष गंगाजल अर्पित किया और दिव्य मंत्रोच्चार के बीच सोमेश्वर महापूजा कर धन्यता का अनुभव किया।
इसके पूर्व सोमनाथ मंदिर परिसर पहुंचने पर राष्ट्रपति का पर्यटन मंत्री मूलुभाई बेरा, सोमनाथ ट्रस्ट के ट्रस्टी और राज्य के पूर्व मुख्य सचिव पी.के. लहेरी, ट्रस्टी जे.डी. परमार तथा ट्रस्ट के सचिव योगेंद्र देसाई ने स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति के साथ उनकी बेटी इतिश्री मुर्मु और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने गुजरात के तीन दिवसीय दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ महादेव के दर्शन के लिए सोमनाथ पहुंचीं। यहां त्रिवेणी हेलीपैड पर उनका भावपूर्ण स्वागत किया गया। हेलीपैड पर पर्यटन मंत्री मूलु बेरा, सांसद राजेश चुडासमा, कलेक्टर एन.वी. उपाध्याय और जिला पुलिस प्रमुख जयदीपसिंह जाडेजा ने राष्ट्रपति का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।