रेड़मा में एसबीआई शाखा के पुनः संचालन का मामला लोकसभा में उठा

Politics

Eksandeshlive Desk

पलामू : सांसद विष्णु दयाल राम ने बुधवार को लोकसभा में मेदिनीनगर के रेड़मा में भारतीय स्टेट बैंक शाखा के पुनः संचालन से संबंधित मामले को उठाया। इसके अलावा सांसद ने गढ़वा जिले के बरगढ़ और बिशुनपुरा प्रखंड मुख्यालय में भारतीय स्टेट बैंक की नई शाखा खोलने का मामला रखा। सांसद ने बताया कि पलामू संसदीय क्षेत्र के पलामू और गढ़वा आकांक्षी जिलों में सम्मिलित है। आकांक्षी जिलों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार निश्चित रूप से सराहनीय है, लेकिन भारतीय स्टेट बैंक की सेवाओं की अनुपलब्धता से गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो गयी हैं।

उल्लेखनीय है कि मेदिनीनगर के रेडमा क्षेत्र में पूर्व में संचालित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा को बंद कर दिया गया है, रेडमा जिला मुख्यालय पलामू का एक घनी आबादी वाला और व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इस शाखा के बंद होने से हजारों खाताधारकों, पेंशनभोगियों और व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इन सभी ग्राहकों को मेदिनीनगर स्थित मुख्य शाखा में स्थानांतरित कर दिया गया है, जो पहले से ही अत्यधिक भीड़भाड़ का सामना कर रही है, जिससे लंबी कतारें और बैंक सेवा गुणवत्ता में गिरावट देखी जा रही है। सांसद ने वित मंत्रालय, भारत सरकार से अनुरोध किया कि रेडमा शाखा के पुनः संचालन का निर्णय लिया जाए।

Spread the love