रेड क्रॉस ब्लड बैंक का औषधि निदेशालय की टीम ने किया निरीक्षण

360° Ek Sandesh Live

अशोक अनन्त

चतरा: रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में संचालित ब्लड बैंक का सोमवार को औषधि निदेशालय की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। यह निरीक्षण माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश के आलोक में किया गया, जिसके तहत प्रत्येक तीन माह पर ब्लड बैंक की जांच करने का प्रावधान है। जांच टीम में सहायक निदेशक (औषधि) अमित कुमार तथा चतरा के ड्रग इंस्पेक्टर कैलाश मुंडा शामिल थे। निरीक्षण के दौरान टीम ने सबसे पहले ब्लड बैंक की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साफ-सफाई की व्यवस्था पर टीम के सदस्य संतुष्ट नजर आए।
इसके बाद टीम ने ब्लड बैंक में उपलब्ध इंफ्रास्ट्रक्चर और विभिन्न उपकरणों की जांच की। साथ ही बीते वित्तीय वर्ष 2024-2025 के ब्लड डोनर रजिस्टर तथा इश्यू रजिस्टर सहित अन्य दस्तावेजों का भी गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान एलाइजा (ELISA) के माध्यम से की जाने वाली जांच प्रक्रिया का भी बारीकी से अध्ययन किया गया। टीम ने जांच की विभिन्न चरणों का अवलोकन करने के साथ-साथ उनकी फोटोग्राफी भी करवाई। इस दौरान अधिकारियों ने रेड क्रॉस के कर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा निरीक्षण में पाई गई कुछ त्रुटियों में सुधार करने की बात कही। यह जांच सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चली। मौके पर रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव धर्मेंद्र पाठक, एमपीडब्ल्यू रत्नेश कुमार, निर्भय कुमार, लैब टेक्नीशियन विजय कुमार, सुमन कुमारी, एएनएम जयंती भेलेट तिर्की, सहायक तपेश्वर प्रसाद तथा डीआई कार्यालय के सहायक मो. वारिश मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Spread the love