अशोक अनन्त
चतरा: शहर के उमा पैलेस परिसर में संचालित दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र, चतरा के तत्वावधान में सोमवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 11 रक्तवीरों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शाखा प्रबंधक दीपक झा ने कहा कि “रक्तदान महादान है और इससे बढ़कर कोई पुण्य का कार्य नहीं है।” उन्होंने उपस्थित युवाओं से समय-समय पर रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि कई लोग रक्तदान से डरते हैं और उन्हें लगता है कि इससे शरीर में कमजोरी आ जाती है, जबकि वास्तव में रक्तदान के कई स्वास्थ्य लाभ भी होते हैं।
उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए समाज के हर स्वस्थ व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में आगे आना चाहिए। इस अवसर पर कौशल केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। साथ ही प्लेसमेंट के तहत कई प्रतिभागियों को नियुक्ति पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। रक्तदान शिविर में एमपीडब्ल्यू रत्नेश कुमार, निर्भय कुमार, एलटी विजय कुमार, सुमन कुमारी तथा एएनएम जयंती भेलेट तिर्की सहित अन्य लोग उपस्थित थे। सभी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके इस मानवीय कार्य की सराहना की।
