Eksandeshlive Desk
मॉस्को : पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष के बीच रूस ने दावा किया है कि उसने रातभर में यूक्रेन के 283 ड्रोन मार गिराए। रूस के इस दावे से दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष और क्षेत्रीय तनाव की गंभीरता एक बार फिर सामने आई है। यूक्रेन की यूक्रेन्स्का प्रावदा, तुर्किए की संवाद समिति अनाडाेलू एजेंसी (एए) एवं स्थानीय मीडिया रिपाेर्टस के अनुसार रूस के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को दावा किया कि उसने रातभर में देश के विभिन्न हिस्सों में यूक्रेन के 283 ड्रोन को मार गिराया। सबसे बड़ा हमला दक्षिणी रोस्तोव क्षेत्र में हुआ, जहां 90 ड्रोन को रास्ते में ही नष्ट कर दिया गया। ये ड्रोन ब्रायंस्क, स्मोलेंस्क, कालुगा, बेलगोरोद, वोरोनेज़, रोस्तोव, वोल्गोग्राद, तुला, रियाज़ान, कुर्स्क, सारातोव, समारा और मॉस्को क्षेत्रों के अलावा तातारस्तान गणराज्य और कब्ज़े वाले क्रीमिया के ऊपर रोके गए।
क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ीं : इस बीच, बाशकोर्तोस्तान की राजधानी ऊफ़ा में ड्रोन हमले का असर देखा गया, जहां तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाने की कोशिश में एक ड्रोन निर्माणाधीन रिहायशी इमारत पर जा गिरा। क्षेत्रीय प्रमुख रेडिय खाबिरोव ने बताया कि रिफाइनरियों के पास कई ड्रोन मार गिराए गए। विश्लेषण के अनुसार ड्रोन संभवतः बाशनेफ़्ट की इकाइयों को निशाना बना रहे थे, जो रोसनेफ़्ट का हिस्सा है। ये रिफाइनरियां ऊफ़ा के उत्तरी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित हैं, जो रूस के प्रमुख पेट्रोकेमिकल केंद्रों में से एक है। रोसनेफ़्ट क्षेत्र में तीन प्रमुख रिफाइनरी बाशनेफ़्ट-ऊफानेफ़्टेखिम, बाशनेफ़्ट-नोवोयल और बाशनेफ़्ट-यूएनपीजेड एक-दूसरे के बेहद करीब हैं और इनका संचालन हाेता है। दूसरी ओर यूक्रेनी मीडिया ने दावा किया कि रूसी हवाई हमलों के बाद चेर्निहीव क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हालांकि, जारी युद्ध के चलते दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि करना मुश्किल बना हुआ है। लगातार हो रहे ड्रोन और हवाई हमलों के कारण रूस-यूक्रेन युद्ध और तेज होता नजर आ रहा है, जिससे क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
