सड़क दुर्घटना में चालक की मौत, एक गंभीर

Road Accident

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम : पूर्वी सिंहभूम जिले के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-49 पर रविवार देर रात हुई सड़क दुर्घटना में एक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की वजह से सड़क पर देर रात तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। मिली जानकारी के अनुसार, दिगबर्दा गांव निवासी 38 वर्षीय कान्हू चरण साहु धान लदे ट्रक को लेकर मालुआ गांव से पश्चिम बंगाल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों चालक बुरी तरह से घायल हो गए।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल : सूचना मिलते ही बरसोल पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पेट्रोलिंग वाहन से बहरागोड़ा सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने कान्हू चरण साहु को मृत घोषित कर दिया, जबकि ओडिशा के करंजिया थाना क्षेत्र के चदनासोल गांव निवासी 33 वर्षीय सनातन मुर्मू की हालत गंभीर होने पर उसे पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारिपदा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि कान्हू चरण अपने पीछे पत्नी, आठ साल की बेटी और चार साल के बेटे को छोड़ गए हैं। इधर, दुर्घटना की खबर मिलते ही बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार महंती अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर सांत्वना व्यक्त की और परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सहायता राशि प्रदान की। विधायक ने आश्वासन दिया कि कान्हू चरण के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली सभी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Spread the love