अजय राज
प्रतापपुर(चतरा): कुछ दिन पूर्व बजरंग वाहिनी दल के आवाहन पर प्रतापपुर से चतरा निकाले गए तिरंगा यात्रा में शामिल होने जा रहे कसमार निवासी बच्चू तुरी (45 वर्ष) का इलाज के दौरान रांची रिम्स में निधन हो गया। परिजनों के अनुसार बच्चू तुरी प्रतापपुर से चतरा के लिए आयोजित तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान संघरी घाटी में उनकी बाइक तथा एक अज्ञात वाहन से टक्कर में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत चतरा तथा उसके बाद हजारीबाग और अंततः उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रांची रेफर किया गया था। पिछले तीन चार दिनों से उनका इलाज रांची रिम्स के आईसीयू में चल रहा था लेकिन चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका और शनिवार देर रात उनकी मृत्यु हो गई।बच्चू तुरी के निधन की खबर सुनते हीं प्रतापपुर, कसमार तथा आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि बच्चू तुरी मिलनसार और सामाजिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। उनके असामयिक निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरा गांव स्तब्ध है।ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से मृतक परिवार को उचित मुआवजा एवं सहयोग प्रदान करने की मांग की है। वहीं, कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की
