सड़क दुर्घटनाओं में झारखंड पुलिस के जवान सहित पांच लोगों की मौत

Road Accident

Eksadeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम/धनबाद/पलामू : झारखंड के अलग-अलग जिलों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में झारखंड पुलिस के जवान सहित पांच लोगों की मौत हो गई। पूर्वी सिंहभूम जिले के जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे फाटक के समीप शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं स्थानीय लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। प्रत्यक्षदर्शियों एवं पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान आदित्यपुर कॉलोनी रोड नंबर सात निवासी कृष (उम्र लगभग 19 वर्ष) और अभय (उम्र लगभग 26 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों युवक शुक्रवार रात अपने कुछ दोस्तों के साथ पार्टी मनाने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब दस बजे जैसे ही उनकी बाइक जुगसलाई रेलवे फाटक के समीप पहुंची, अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और भीषण दुर्घटना हो गई।

हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में सन्नाटा और शोक का माहौल : टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत जुगसलाई थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि अभय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। वहीं, कम उम्र में कृष की मौत से उसके मोहल्ले और परिचितों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और बाइक से संतुलन बिगड़ने को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में सन्नाटा और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर चिंता जताई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।

राजगंज में ट्रक से टकराई कार, दो की मौत : धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सिक्स लेन सड़क पर देर रात एक सड़क हादसा हुआ है। यहां तेज रफ्तार ट्रक से कार की जोरदार टक्कर होने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार सरिया बाजार से एक महिला को इलाज के लिए धनबाद ले जा रही थी। कार में तीन महिला सहित पांच लोग लोग सवार थे। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से कार चालक संतुलन खो बैठा और सीधे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे में कार सवार एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद रिश्तेदार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल महिला को 108 एंबुलेंस की सहायता से धनबाद के एसएनएमएमसीएच भेजा गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही राजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल पर अक्सर स्ट्रीट लाइट बंद रहती है, जिससे रात के समय दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क सुरक्षा और रौशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से झारखंड पुलिस के जवान की मौत : पलामू के हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिवानबीघा के पास शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनू सिंह 38 वर्ष, निवासी दिवान बीघा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनू सिंह बिहार के औरंगाबाद गए हुए थे। वहां से लौटने के दौरान घर से कुछ ही दूरी पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सोनू सिंह झारखंड पुलिस में कार्यरत थे और वर्तमान में रांची में पदस्थापित थे। वे छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

Spread the love