साहिबगंज के अभिनाश वर्मा ने यूपीएससी ईएसई में ऑल इंडिया रैंक–6 हासिल कर रचा इतिहास

360° Ek Sandesh Live

SUNIL KUMAR

साहिबगंज: अटूट आत्मविश्वास, अनुशासन और मेहनत की मिसाल पेश करते हुए साहिबगंज जिले के अभिनाश वर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग.यूपीएससी ईएसई परीक्षा–2025 में ऑल इंडिया रैंक–6 प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि अपने जिला के साथ साथ पूरे झारखंड और देश को गौरवान्वित किया है। उनकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि यह साबित करती है कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर परिश्रम और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर सीमित संसाधनों से भी असाधारण मुकाम हासिल किया जा सकता है।
शहर के सकरोगढ़ इमली टोला निवासी रवि वर्मा के दो पुत्रों मे से छोटे पुत्र अभिनाश वर्मा ने यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा संत जेवियर स्कूल, साहिबगंज से हुई, जहां से ही उन्होंने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और लक्ष्य-केन्द्रित सोच का परिचय दिया।
इस सफलता को और भी प्रेरणादायक बनाता है, उनके पिता रवि वर्मा डाकघर (पोस्ट ऑफिस) में एक साधारण कर्मचारी हैं। सीमित आय और संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बच्चों की शिक्षा मे कभी कोई समझौता नहीं किया। माता पूनम वर्मा और बड़े भाई आकाश वर्मा ने भी हर कदम पर अभिनाश को भावनात्मक संबल, मार्गदर्शन और प्रेरणा प्रदान की। अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिनाश वर्मा ने कहा कि उन्होंने कई वर्षों तक निरंतर अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और मानसिक दृढ़ता के साथ यूपीएससी ईएसई की तैयारी की। विशेष बात यह है कि उन्होंने पहले ही प्रयास में यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की, जो उनकी प्रतिभा और समर्पण का प्रमाण है। अभिनाश वर्मा कि यह सफलता केवल एक व्यक्ति की जीत नहीं, बल्कि हजारों छात्र छात्राएं एवं युवाओं के लिए आशा, आत्मविश्वास और प्रेरणा का संदेश है। यह उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि कठिन परिस्थितियां भी दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत के सामने टिक नहीं पातीं। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर अजय गुप्ता, प्रदीप मंडल, अजीत गुप्ता, मो. अब्बास, प्रयाग चौधरी, रमन वर्मा, सूरज वर्मा, राजू वर्मा, मो. रियाज, विक्रम गुप्ता सहित जिले के अनेक बुद्धिजीवियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने अभिनाश वर्मा को हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अभिनाश वर्मा कि यह सफलता साहिबगंज सहित पूरे संथाल परगना के युवाओं के लिए प्रेरणास्तंभ बनेगी।

Spread the love