साहिबगंज की बेटी निहारिका ने यूपीएससी में हासिल की 365वीं रैंक

Ek Sandesh Live

SUNIL KUMAR

साहिबगंज: देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) का परिणाम घोषित हो गया है। इस बार साहिबगंज जिले की बेटी निहारिका सिन्हा ने शानदार सफलता हासिल करते हुए 365वीं रैंक प्राप्त कर जिले और अपने परिवार का नाम रोशन किया है।
शहर के कुलीपाड़ा निवासी निरंजन सिन्हा और शबनम कुमारी की बड़ी बेटी निहारिका शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। साधारण परिवार में जन्मी निहारिका ने अपने दूसरे प्रयास में यह सफलता प्राप्त की। उनके पिता निरंजन सिन्हा पेशे से दर्जी हैं, जबकि उनकी माता शबनम कुमारी स्वास्थ्य विभाग में अनुबंध पर नर्स के रूप में कार्यरत हैं। निहारिका अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और अपने करीबी मित्रों को देती हैं। उन्होंने विशेष रूप से अपनी बेस्ट फ्रेंड रितु महावर को धन्यवाद दिया, जिन्होंने तैयारी के दौरान हर कदम पर उनका साथ दिया। निहारिका और रितु की दोस्ती वर्ष 2006 से है, जब दोनों सातवीं कक्षा में पढ़ती थीं। शिक्षा की बात करें तो निहारिका ने वर्ष 2018 में संत जेवियर्स स्कूल साहिबगंज से दसवीं की परीक्षा पास की। इसके बाद उन्होंने 2020 में जवाहर विद्या मंदिर श्यामली, रांची से बारहवीं की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने संत जेवियर कॉलेज कोलकाता से राजनीति शास्त्र में स्नातक की डिग्री 2023 में हासिल की। स्नातक के बाद निहारिका यूपीएससी की तैयारी के लिए नई दिल्ली चली गईं। वर्ष 2024 में उन्होंने पहला प्रयास किया, लेकिन उस समय मेन्स परीक्षा में सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने और अधिक मेहनत और लगन के साथ तैयारी जारी रखी और 2025 के दूसरे प्रयास में 365वीं रैंक हासिल कर सफलता का परचम लहरा दिया। निहारिका की इस उपलब्धि से उनके परिवार, मित्रों और पूरे साहिबगंज जिले में खुशी का माहौल है। लोग इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बता रहे हैं और निहारिका को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

Spread the love