परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
MUSTFA
मेसरा/रांची: राजधानी के सदर थाना अंतर्गत बीआईटी मेसरा ओ.पी. क्षेत्र के नेवरी विकास इलाके से 19 वर्षीय युवती खुशी कुमारी बीते दो दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवती के पिता मुकेश ठाकुर ने स्थानीय थाने में अपहरण की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। परिजनों के अनुसार,घटना 20 मार्च 2026 की सुबह करीब 11:30 बजे की है। खुशी अपने पिता की सैलून की दुकान पर गई थी। वहां से उसने यह कहकर घर के लिए प्रस्थान किया कि वह घर जा रही है। जब आधे घंटे बाद भी वह घर नहीं पहुंची, तो उसकी मां ने फोन पर पिता को इसकी सूचना दी। तब से परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिला है।
सहेली पर शक की सुई: पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बोकारो स्टील सिटी (सेक्टर 09) की रहने वाली खुशी की सहेली खुशबू कुमारी पर संदेह जताया है। बताया गया है कि 11 मार्च को खुशबू उनके घर आई थी और दोनों युवतियों ने घर से बाहर दूसरे राज्य में जाकर काम करने की इच्छा जताई थी। पिता ने तब खुशी को बाहर जाने से मना करते हुए पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी थी। परिजनों को अंदेशा है कि लापता होने के पीछे कोई सोची-समझी योजना हो सकती है।
पुलिस का बयान: जांच जारी है
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि हमें युवती के लापता होने की सूचना मिली है। परिजनों के संदेह के आधार पर बोकारो स्थित उसकी सहेली के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और युवती के मोबाइल लोकेशन के जरिए उसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उसे सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
लापता युवती की पहचान नाम – खुशी कुमारी (19 वर्ष), कद लगभग 5 फीट, रंग सांवला स्थान विकास चौक, नेवरी(रांची)।
परिजनों ने की अपील: यदि किसी को भी इस युवती के बारे में कोई जानकारी मिले, तो वे तुरंत मेसरा पुलिस स्टेशन के नंबर 9431706571 या पीड़ित परिवार के मोबाइल नंबर 6206579250 पर सूचित कर सकते हैं।
