संसद घेरने जा रहे डॉ. सूरज मंडल सहित इमरजेंसी के अनेक आंदोलनकारी गिरफ्तार

360°

Eksandeshlive Desk

रांची/नयी दिल्ली : पूर्व सांसद, पूर्व जैक उपाध्यक्ष, झारखंड मजदूर मोर्चा के अध्यक्ष और भाजपा नेता डॉ. सूरज मंडल को अखिल भारतीय सम्पूर्ण क्रांति राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह एवं अन्य लगभग 100 आंदोलनकारियों के साथ शुक्रवार को नयी दिल्ली में जंतर-मंतर से संसद कूच करने के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिंह के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना देने के बाद जेपी सेनानियों को स्वतंत्रता सेनानी के समकक्ष दर्ज़ा एवं अन्य सुविधायें देने की अपनी मांगों के समर्थन में संसद घेराव के लिये जाते आंदोलनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया और बस में भर कर कापसखेड़ा पुलिस थाना ले गयी। इन आंदोलनकारियों में पूर्व सांसद मण्डल, मानेश्वर सिंह, कुशेश्वर लाल, सिद्धनाथ पाण्डेय, सुरेंद्र प्रसाद, मुकेश सिंह आदि मुख्य रूप से शामिल हैं। संसद कूच और धरना कार्यक्रम में बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र व दिल्ली के इमरजेंसी के आंदोलनकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इससे पहले जंतर-मंतर पर आयोजित धरने को संबोधित करते हुए डॉ. मंडल ने कहा कि यदि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में सम्पूर्ण क्रांति न होती तो भारतीय लोकतंत्र पर छाये खतरे के बाद स्वतंत्रता आंदोलन में देखे गये सारे सपने समाप्त हो जाते। डॉ. मंडल ने कहा कि जेपी आंदोलन की भावनाओं को जिंदा रखना ही संपूर्ण क्रान्ति राष्ट्रीय मंच का सबसे प्रमुख मुद्दा है और इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिये मंच निरंतर आगे बढ़ता रहेगा एवं अपनी मांगों को पूरा करने के लिये सरकार पर दबाव डालता रहेगा।

Spread the love