‘संस्कारयुक्त शिक्षा ही जीवन का आधार’: मनन विद्या में 12वीं के छात्रों को दी गई भावभीनी विदाई

Education

Eksandeshlive Desk

मेसरा (रांची) : राजधानी के प्रतिष्ठित मनन विद्या मनरखन महतो स्कूल के प्रांगण में सत्र 2025-26 के बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। ‘विदाई अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है’ के संकल्प के साथ कनिष्ठ (जूनियर) छात्रों ने अपने सीनियर्स को सुनहरी यादों और शुभकामनाओं के साथ विदा किया। समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के चेयरमैन मनरखन महतो ने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का मंत्र दिया। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि विद्यालय केवल किताबी ज्ञान का केंद्र नहीं,बल्कि चरित्र निर्माण की पाठशाला है। हमारे छात्र यहाँ से जो संस्कार और अनुशासन लेकर जा रहे हैं, वही उन्हें वैश्विक मंच पर पहचान दिलाएगा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि मनन विद्या के ये रत्न अपनी मेहनत से न केवल अपने माता-पिता और स्कूल का नाम रोशन करेंगे, बल्कि एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। प्राचार्या रेखा नायडू ने छात्रों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। “समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही” प्रिया और ईशान के एकल गीतों ने समां बांध दिया। अभया, श्रेया, सोनल और संस्कृति के ग्रुप डांस ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। एक विशेष पी.पी.टी. के जरिए छात्रों के बचपन से लेकर अब तक के स्कूली सफर को दिखाया गया, जिससे पूरा माहौल भावुक हो उठा। विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी पास-आउट होने वाले छात्रों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अक्षिता सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर उर्मिला देवी, ट्रस्टी वीरेन्द्रनाथ ओहदार, खुश्बू सिंह, कृति काजल, डायरेक्टर मनोज कुमार महतो, प्रबंधक मुकेश कुमार, एडमिनिस्ट्रेटर मीना कुमारी सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love