फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग में 22वां लैंप लाइटिंग समारोह का आयोजन
NEWS BY MUSTAFFA
मेसरा (रांची) : ओरमांझी के ईरबा स्थित फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग में हर्षोल्लास के साथ 22वां ‘लैंप लाइटिंग एवं कैपिंग सेरेमनी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड सरकार की कृषि एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नर्सिंग के नए छात्र-छात्राओं को पारंपरिक कैप पहनाकर मानवता की सेवा की शपथ दिलाई गई। “शिक्षा की गुणवत्ता और अनुशासन से कोई समझौता नहीं” सभा को संबोधित करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि फ्लोरेंस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के संस्थापक हाजी एहसान अंसारी ने जिन सिद्धांतों की नींव रखी थी,यह संस्थान आज भी उन्हीं पर अडिग है। उन्होंने कहा,”विपरीत परिस्थितियों में भी इस संस्थान ने शिक्षा की गुणवत्ता और अनुशासन को सर्वोपरि रखा है। यही कारण है कि आज झारखंड ही नहीं,बल्कि दूसरे राज्यों के छात्र भी यहाँ शिक्षा पाने की चाह रखते हैं।” उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि नर्सिंग का मार्ग त्याग और संघर्ष का है,जहाँ समय की सीमा लांघकर भी कर्तव्य निभाना पड़ता है।
“मेधावी छात्र हुए सम्मानित” समारोह के दौरान एमएससी नर्सिंग के टॉपरों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया : *एमएससी नर्सिंग (द्वितीय वर्ष): प्रथम टॉपर सिसिलिया हेम्ब्रोम,द्वितीय सुशीला किस्कू,तृतीय सुचित्रा टोप्पो। *एमएससी नर्सिंग (प्रथम वर्ष): प्रथम टॉपर देबद्रिता गांगुली एवं कल्पना कन्दुलना,द्वितीय सबा अंसारी,तृतीय वर्षा कुमारी। ‘नर्सें चिकित्सा जगत की ‘गुमनाम हीरो’ विशिष्ट अतिथि और मेदांता अस्पताल के एडवाइजर मंजूर अहमद अंसारी ने नर्सों के पेशे को गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि नर्सें चिकित्सा जगत की वह शक्ति हैं जो अपनी करुणा से अनगिनत जिंदगियां बदलती हैं। वहीं,हाजी अब्दुर रज्ज़ाक एजुकेशनल सोसाइटी की सेक्रेटरी जीनत कौसर ने एक आदर्श नर्स के गुणों पर प्रकाश डालते हुए धैर्य,ईमानदारी और टीम वर्क को सफलता की कुंजी बताया। “सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन” शपथ ग्रहण के बाद कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए। इस मौके पर संस्थान के निदेशक डॉ. शाहीन कौशर,डॉ. नाजनीन कौशर,अबू नसर बहाउद्दीन अंसारी,प्राचार्या विनिशा बांसरियार,उप प्राचार्य बिक्रम मजुमदार,ज्योति ग्लोरिया सहित कॉलेज के समस्त शिक्षकगण,कर्मचारी और भारी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।
