Eksandeshlive Desk
बरकट्ठा/हजारीबाग: प्रखंड क्षेत्र के पेसरा और झुरझुरी के बीच स्थित सलैया वन क्षेत्र में सात दिवसीय योग शिविर का आयोजन सोमवार प्रातः 6 बजे से योग शिक्षक महेंद्र प्रसाद की अगुवाई में आरंभ किया गया। इस शिविर ने स्थानीय समुदाय के बच्चों, पुरुषों और महिलाओं को एक साथ लाकर स्वास्थ्य और आत्म-जागरूकता का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
योग शिविर में काफी संख्या में लोग शामिल हुए, जहां उन्हें न केवल विभिन्न योगासनों के बारे में बताया गया, बल्कि गौ माता की विशेषता और उनके संरक्षण के महत्व के संबंध में भी जागरूक किया गया। योग शिक्षक महेंद्र प्रसाद ने कहा कि प्रत्येक दिन योग अभ्यास करने से आदमी स्वस्थ और निरोगी रहता है, और सभी लोगों को प्रतिदिन योग करना चाहिए।
इस दौरान योग शिक्षक महेंद्र प्रसाद ने उपस्थित लोगों से भ्रामरी, कपालभाति, अनुलोम विलोम, उद गीत समेत कई महत्वपूर्ण योगाभ्यास कराए और उनके लाभों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर योग शिक्षक सह जिला गौ रक्षा प्रमुख महेंद्र प्रसाद, साध्वी देव नीति, जिला गौ रक्षा प्रमुख इंद्रदेव गुप्ता, जिला गौ मिडिया प्रमुख मिथलेश सिन्हा, राजु प्रसाद, धनेश्वर महतो, लक्ष्मी देवी, रुकनी देवी, पूजा कुमारी, इंद्रावती देवी, शिवानी कुमारी समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।