झारखंड के लिए ऐतिहासिक अवसर
रांची: राजधानी रांची में आगामी 24 से 26 अक्टूबर 2025 तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी, रांची में साउथ एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार तथा एथलेटिक्स फेडरेशन आॅफ इंडिया एवं झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस मौके पर खेल निदेशक शेखर जमुआर ने बताया कि जानकारी देते झारखंड के खेल निदेशक शेखर जमुआर और झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के महासचिव मधुकांत पाठक ने बताया कि कुल 6 देशों के 300 खिलाड़ी पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए गौरव की बात है कि झारखंड एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। इस चैंपियनशिप में भारत, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, मालदीव और श्रीलंका सहित कुल छह देशों के लगभग 300 खिलाड़ी, प्रशिक्षक और 150 तकनीकी पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। खेल निदेशक ने बताया कि मोरहाबादी स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। एथलेटिक ट्रैक, खिलाड़ियों के लिए वार्मअप एरिया, मेडिकल जोन, डोप टेस्टिंग रूम, मीडिया सेंटर और अन्य सभी सुविधाओं को अपडेट किया गया है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरे आयोजन की निगरानी के लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के महासचिव मधुकांत पाठक ने बताया कि खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है सभी देशों की टीमों के आगमन का शेड्यूल भी तय कर लिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि भारतीय टीम 21 अक्टूबर को रांची पहुंचेगी, जबकि नेपाल की टीम 22 अक्टूबर को रांची आएगी। अन्य देशों की टीमें 22 अक्टूबर तक पहुंच जाएंगी।23 अक्टूबर को सभी देशों के एथलीटों के लिए प्रैक्टिस सेशन आयोजित किया जाएगा। चैंपियनशिप का उद्घाटन समारोह 24 अक्टूबर की सुबह भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शिरकत करेंगे। समारोह में झारखंड की लोक संस्कृति और परंपरा की झलक पेश की जाएगी। झारखंड की कला, नृत्य और संगीत के माध्यम से राज्य की विविधता और सांस्कृतिक धरोहर को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया किया जाएगा। आयोजन के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था की गई है, ताकि वे खेलों का कवरेज सुचारु रूप से कर सकें। मीडिया के लिए आठ अधिकृत फोटोग्राफरों को पास जारी किए गए हैं, जो मैदान के अंदर से तस्वीरें ले सकेंगे7 साथ ही आयोजन समिति ने यह स्पष्ट किया है कि वीडियो कैमरा या वीडियो रिकॉर्डिंग उपकरणों की अनुमति नहीं होगी, ताकि प्रसारण अधिकारों और सुरक्षा के दिशा निदेर्शों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।खेल निदेशक जमुआर ने बताया कि सामान्य दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य खेल भावना और अंतरराष्ट्रीय मित्रता को बढ़ावा देना है। उन्होंने झारखंड के नागरिकों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और राज्य की मेजबानी पर गर्व महसूस करें
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में अधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन झारखंड के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है, जो राज्य की खेल प्रतिभा, सांस्कृतिक विविधता और आयोजन क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करेगा।

