रांची: सेवा भारती, झारखंड के तत्वावधान में तीन दिवसीय सेवा सारथी प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन राष्ट्रीय सेवा भारती के न्यासी गुरुशरण प्रसाद ने दीप प्रज्जवलित कर किया। यह प्रशिक्षण वर्ग अनगड़ा प्रखंड अंतर्गत जोन्हा के ग्राम गुड़ीडीह अवस्थित सेवा धाम में आयोजित किया गया है। इस वर्ग में झारखंड के विभिन्न जिलों से 130 महिला कार्यकर्ता प्रशिक्षण ले रही हैं। त्रिदिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ता के गुण विकास से साथ-साथ ऑनलाइन कार्य करने की तकनीकी,स्वावलंबन, स्वरोजगार, ग्रामीण उद्यमिता प्रशिक्षण,सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आदि महत्वपूर्ण विषयों के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिए जाएंगे। उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुरुशरण प्रसाद ने कहा कि
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सेवा भारती के सेवा कार्यों को झारखंड के सभी प्रखंडो,पंचायतों व सेवा बस्तियों में पहुंचाने का लक्ष्य है। इस विस्तार कार्य हेतु सेवा सारथी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
उद्घाटन सत्र में गुरुशरण प्रसाद ने बताया कि समाज में सरकार और अन्य संस्थाओं के द्वारा स्वयं सहायता समूह चल रहे हैं, सेवा भारती ने स्वयं सहायता समूह का नाम वैभवश्री दिया है। ” वैभव “अर्थात धन ” श्री ” अर्थात लक्ष्मी। सेवा भारती वैभवश्री आयाम के माध्यम से महिलाओं बीच सेवा, संस्कार और समरसता तीन विषयों को लेकर कार्य कर रही है। सेवा संस्कार और समरसता से ही संपूर्ण समाज में सुन्दर वातावरण निर्माण होगा और देश का सर्वांगीण विकास होगा।
आज के प्रशिक्षण वर्ग में समय नियोजन विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। मौके पर स्वरोजगार व उद्यमिता प्रशिक्षण को लेकर आटा चक्की,राइस मिल, तेल निकालने की पद्धति, गिले दाल,मसाला पीसने की तकनीक, कागज के दोना,पतल मशीन से बनाने आदि तकनीकी हुनर सिखलाए गए। साथ ही रोचक खेल कूद, योगासन बताया गया। प्रशिक्षण वर्ग के संचालन में वर्गाधिकारी संजय गोयल, लक्ष्मण पात्रा, महेंद्र जी आदि कार्यकता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
