दुष्कर्म व देह व्यापार कराने का आरोपी एजाबुल शेख गिरफ्तार

Crime Ek Sandesh Live

SUNIL KUMAR

उधवा/साहिबगंज: राधानगर थाना क्षेत्र में एक युवती से दुष्कर्म करने तथा उसे जबरन दूसरे राज्यों में ले जाकर देह व्यापार कराने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पीड़िता द्वारा राधानगर थाना में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार करीब एक वर्ष पूर्व गांव के ही एजाबुल शेख ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि अगले दिन शाम को जब वह घर लौट रही थी, तभी आरोपी अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचा और उसे जबरन उठा कर ले गया। बताया गया कि आरोपी पहले उसे बरहरवा ले गया, जहां से ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल के कूचबिहार पहुंचाया गया। वहां एक कमरे में रखकर उससे जबरन देह व्यापार कराया जाता था। विरोध करने पर मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

पीड़िता के अनुसार करीब दो महीने तक कूचबिहार में रखने के बाद आरोपी उसे महाराष्ट्र के पुणे ले गया, जहां भी उसके साथ शोषण किया गया। बाद में फिर से उसे कूचबिहार लाया गया। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई।

पीड़िता ने बताया कि 10 मार्च 2026 की रात आरोपी फिर उसे अपने साथ ले जाने पहुंचा, लेकिन शोर-शराबा होने पर वह वहां से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने पूरी घटना अपने परिजनों व ग्रामीणों को बताई और राधानगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने कांड संख्या 82/26 दर्ज कर कार्रवाई करते हुए चामा ग्राम पलाशगाछी निवासी आरोपी एजाबुल शेख को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Spread the love